PM Modi
नेटवर्क महानगर/बिहार
पीएम मोदी ने गुरुवार को ‘मेरा बूथ सबसे मजबूत’ कार्यक्रम के जरिए बिहार के कार्यकर्ताओं से बातचीत की। इस दौरान पीएम ने ‘महागठबंधन’ पर जमकर हमला बोला। प्रधानमंत्री मोदी ने कहा कि त्योहारों के उत्साह के बीच छठी मैया की पूजा की तैयारियां भी जोरों पर हैं। इसके साथ ही, बिहार लोकतंत्र का महापर्व भी मना रहा है। यह चुनाव बिहार की समृद्धि का एक नया अध्याय लिखने वाला है। इसमें बिहार के युवाओं की बहुत महत्वपूर्ण भूमिका है। बिहार के लोग जंगलराज वालों को माफ नहीं करेंगे। वे जंगलराज को भूलने वाले नहीं हैं।
मोदी ने आगे कहा कि जो लोग अपने आप को गठबंधन कहते हैं, बिहार की जनता उनको लठबंधन कहती है। वो सिर्फ लठ चलाना और झगड़ा करना जानते हैं।लठबंधन वालों के लिए अपना स्वार्थ ही सबसे बड़ा है। इन्हें बिहार के युवाओं की चिंता नहीं है। दशकों तक देश और बिहार के नौजवान नक्सलवाद और माओवादी आतंक से पीड़ित रहे। लेकिन, इन लोगों ने आपको नहीं, बल्कि अपने स्वार्थ को हो प्राथमिकता दी। माओवादी आतंक से मदद लेकर ये लोग चुनाव भी जीतते रहे।
बिहार की दो पीढ़ियों का भविष्य बर्बाद हुआ है: PM
बिहार को तबाह करने में नक्सलवाद-माओवादी आतंक ने बहुत बड़ी भूमिका निभाई है। ये माओवादी स्कूल, कॉलेज, अस्पताल कुछ भी खोलने नहीं देते थे और बने बनाए संस्थान को बम से तोड़ देते थे। ये उद्योगों को घुसने नहीं देते थे इसलिए, इनके राज में विकास पूरी तरह चौपट हो गया था। मैं मानता हूं कि इन्होंने बिहार की दो पीढ़ियों के भविष्य बर्बाद किया है। हमने 2014 के बाद से बड़ी मेहनत की है। एनडीए ने बिहार को जंगलराज के अंधेरे से निकालकर विकास की नई रोशनी में लाने का काम किया है। आज बिहार में हम नक्सलवाद-माओवादी आतंक को समाप्त करने की तरफ बहुत तेजी से बढ़ रहे हैं। बिहार के नौजवानों के भविष्य को सुरक्षित करना हमारा कर्तव्य है और हम इसके लिए पूरी ईमानदारी से काम कर रहे हैं। बिहार के युवाओं के सपने और आकांक्षाओं को पूरा करने के लिए एनडीए संकल्पबद्ध है।
रफ्तार पकड़ चुका है बिहार, फिर से एनडीए सरकार
प्रधानमंत्री मोदी ने कहा कि आज देश में विकास का महायज्ञ चल रहा है और बिहार भी इसमें कंधे से कंधा मिलाकर चल रहा है। बिहार में हर एक क्षेत्र में, हर एक दिशा में काम हो रहा है। कहीं अस्पताल बन रहे हैं, कहीं अच्छे स्कूल बन रहे हैं, कहीं नए रेलवे रूट बन रहे हैं। इसका बहुत बड़ा कारण ये है कि देश और बिहार में एक स्थिर सरकार है। जब स्थिरता होती है, तो विकास तेज होता है। बिहार की एनडीए सरकार की शक्ति भी यही है इसलिए आज बिहार का हर नौजवान उत्साह से कह रहा है- रफ्तार पकड़ चुका है बिहार, फिर से एनडीए सरकार।
