Delhi Red Fort Blast
नेटवर्क महानगर/मुंबई
महाराष्ट्र के सीएम देवेंद्र फडणवीस ने राजधानी दिल्ली में लाल किला के पास हुए कार ब्लास्ट के बाद राज्य के अधिकारियों के साथ एक इमरजेंसी मीटिंग बुलाई। सीएम फडणवीस ने अधिकारियों को सख्त सुरक्षा निर्देश और पुलिस तंत्र को सतर्क रहने के निर्देश दिए हैं। इसके अलावा सभी एजेंसियों को अलर्ट मोड पर रहने के लिए भी कहा गया है।
दिल्ली पुलिस के सूत्रों ने बताया कि गुजरात से पकड़े गए तीन संदिग्धों से दिल्ली ब्लास्ट से जुड़े जानकारी को लेकर जांच करने के लिए कहा है। गुजरात से पकड़े गए संदिग्धों का सम्पर्क डॉक्टरों से था या नहीं इसकी जानकारी जुटाई जा रही है। जिस डॉक्टर शाहीन को कल फरीदाबाद से गिरफ्तार किया गया था वो लखनऊ की रहने वाली है। उसके पिता शाहिद अंसारी ने कहा कि बेटी ऐसा नहीं कर सकती। पिता ने बताया कि एक महीने पहले शाहीन की बात हुई थी। पिता ने बताया शाहीन तीन भाई बहन है।
लाल किले के पास हुए ब्लास्ट मामले में सुरक्षा एजेंसियों की जांच तेज हो गई है। पुलवामा के डॉक्टर उमर नबी पर लाल किले के पास हुई कार धमाके में संदेह है। पुलिस ने जांच के लिए उमर नबी की मां को डीएनए सैंपल लेने के लिए बुलाया। दिल्ली लाल किला ब्लास्ट में कई लोगों की जान चली गई है और कई लोग घायल हैं। माना जा रहा है कि संदिग्ध उमर गाड़ी चला रहा था और विस्फोट में मारा गया। उसकी पहचान के लिए ही उसकी मां का डीएनए टेस्ट कराया जा रहा है।
जम्मू-कश्मीर के पुलवामा जिले में पुलिस ने डॉ उमर नबी के पिता को मंगलवार को हिरासत में ले लिया। अधिकारियों ने बताया कि गुलाम नबी भट को पुलिस ने पुलवामा के कोइल स्थित उसके आवास से हिरासत में लिया। इससे कुछ ही घंटे पहले उसकी पत्नी को डीएनए परीक्षण के लिए ले जाया गया था।
अधिकारियों ने बताया कि पुलिस ने विस्फोट के संदिग्ध उमर नबी के साथ फरीदाबाद में काम करने वाले कई डॉक्टरों को भी हिरासत में लिया है। उन्होंने बताया कि विस्फोट में शामिल कार की बिक्री और खरीद से जुड़े तीन अन्य व्यक्तियों को भी पूछताछ के लिए हिरासत में लिया गया है। हालांकि, अब तक कोई औपचारिक गिरफ्तारी नहीं हुई है।
दिल्ली के पुलिस सूत्रों के मुताबिक, पुलवामा निवासी और डॉक्टर उमर नबी कथित तौर पर हुंडई आई20 कार चला रहा था, जिसका इस्तेमाल लाल किला मेट्रो स्टेशन के पार्किंग क्षेत्र के पास विस्फोट में किया गया था। पुलिस सूत्रों ने बताया कि लाल किले के पास जिस कार में विस्फोट हुआ है उसे चला रहे व्यक्ति की पहली तस्वीर इलाके में लगे सीसीटीवी कैमरे की फुटेज के जरिए सामने आई है। पुलिस की शुरुआती जांच से पता चला है कि लाल किले के पास हुए विस्फोट में अमोनियम नाइट्रेट, तेल और डेटोनेटर का इस्तेमाल किया गया होगा। बताया जा रहा है कि इस हादसे में अब तक 12 लोगों की मौत हो चुकी है और 24 लोग घायल हुए है।
