नेटवर्क महानगर/नागपुर
केन्द्रीय मंत्री नितिन गडकरी ने नागपुर में फिर भाजपा का महापौर बनने की बात कही। मनपा चुनाव की रणभेरी फूंकते हुए गडकरी ने सभी कार्यकर्ताओं को काम पर जुट जाने की अपील करते हुए कहा कि इस बार भी नागपुर मनपा में भाजपा का ही महापौर बनना चाहिए। गडकरी चिटणीस पार्क मैदान में आयोजित भाजयुमो के युवा सम्मेलन में बोल रहे थे।
उन्होंने कहा कि पूर्व, उत्तर व पश्चिम नागपुर में बीजेपी का नगरसेवक चुनकर आना चाहिए। उत्तर नागपुर के कार्यकर्ताओं के सामने सबसे अधिक चुनौती है। वहां के 26 में से कम से कम 18 नगरसेवक भाजपा के चुनकर लाएं। उत्तर नागपुर में अपनी ताकत दिखानी है। पश्चिम नागपुर में भी कम से कम 15 नगरसेवक आना चाहिए और पूर्व में नागपुर में तो जीत को कायम ही रखना है।
केन्द्रीय मंत्री गडकरी ने कहा कि नागपुर की मनपा उत्कृष्ट कार्यों के लिए देश में अव्वल रही है। पानी के लिए मोर्चा बंद हो गया है। बस्तियों में 12 से 14 घंटे पानी मिल रहा है। नागपुर में खेल का मैदान होना चाहिए, उद्यान, सांस्कृतिक कार्यक्रम होना चाहिए। उन्होंने कहा कि पूर्व नागपुर में इतने ब्रिज बनाए हैं कि अब पुल ही पुल दिख रहा है।
सीएम देवेन्द्र फडणवीस ने मेयो अस्पताल के लिए 1000 करोड़, मेडिकल के लिए 450 करोड़ रुपये दिये हैं। हमने उत्तर नागपुर में डायग्नोसिस सेंटर खोला है जहां 1200 रुपये में एमआरआई और 100 रुपये एक्सरे किये जा रहे हैं। उन्होंने कहा कि भाजपा की सरकार ने काफी कार्य किये हैं उसे जनता के बीच लेकर जाएं।
इस अवसर पर शहर अध्यक्ष दयाशंकर तिवारी, विधायक कृष्णा खोपड़े, मोहन मते सहित पार्टी के पदाधिकारी व भाजयुमों के कार्यकर्ता बड़ी संख्या में मौजूद रहे।
