नेटवर्क महानगर/मुंबई
डाक विभाग के महाराष्ट्र सर्किल ने रविवार, (21 दिसंबर 2025) को मुंबई जनरल पोस्ट ऑफिस (जीपीओ) में वर्ल्ड प्राणिक हीलिंग फाउंडेशन और महाराष्ट्र के योग विद्या प्राणिक हीलिंग फाउंडेशन के सहयोग से विश्व ध्यान दिवस मनाया।
विश्व ध्यान दिवस प्रतिवर्ष 21 दिसंबर को मनाया जाता है, पिछले वर्ष संयुक्त राष्ट्र महासभा ने ध्यान और इसके व्यापक लाभों के बारे में जागरूकता बढ़ाने के लिए घोषित किया था। संयुक्त राष्ट्र ने वैश्विक शांति, सद्भाव और मानसिक स्वास्थ्य को बढ़ावा देने में ध्यान की परिवर्तनकारी भूमिका को मान्यता दी है।
कार्यक्रम का मुख्य सत्र मुंबई जीपीओ में आयोजित किया गया और यह उत्सव एक साथ महाराष्ट्र और गोवा में 88 जगहों पर यू-ट्यूब पर लाइव स्ट्रीमिंग के माध्यम से आयोजित किया गया। इससे पूरे भारत और विदेश से भी सहभागिता संभव हुई। विभाग के लगभग तीन हजार कर्मचारियों ने व्यक्तिगत रूप से और यू-ट्यूब लाइव के माध्यम से कार्यक्रम में भाग लिया।

इस अवसर को यादगार बनाने के लिए श्री अमिताभ सिंह, मुख्य पोस्टमास्टर जनरल, महाराष्ट्र सर्किल ने विश्व ध्यान दिवस के विषय पर एक विशेष कैंसलेशन के साथ एक विशेष आवरण जारी किया। कार्यक्रम में डॉ. मुकेश बत्रा, संस्थापक, डॉ. बत्रा ग्रुप ऑफ कंपनीज; श्री चेतन सोनपाल, ट्रस्टी, योग विद्या प्राणिक हीलिंग फाउंडेशन ऑफ महाराष्ट्र; और सुश्री रेखा रिजवी, निदेशक, मुंबई जीपीओ की उपस्थिति रही।
प्राणिक योग, जो पारंपरिक योग प्रथाओं को प्राणिक हीलिंग के साथ एकीकृत करता है, ग्रैंडमास्टर चोआ कोक सुई द्वारा स्थापित एक ऊर्जा-आधारित उपचार प्रणाली है। इस सत्र में आज के तेज गति वाले दैनिक जीवन में ध्यान की प्रासंगिकता पर ध्यान केंद्रित किया गया।
सुश्री सुमी लाजर धर, प्राणिक हीलिंग प्रशिक्षक और हीलर, ट्रस्टी, वर्ल्ड प्राणिक हीलिंग फाउंडेशन, भारत ने ऑनलाइन ध्यान सत्र आयोजित किया और प्रतिभागियों को संबोधित किया।
इस उत्सव का उद्देश्य शान्ति व एकाग्रता के साथ समग्र स्वास्थ्य के लिए ध्यान के महत्व को उजागर करना था। प्रतिभागियों ने मानसिक शांति, आन्तरिक शान्ति, समरसता व भावनात्मक स्वास्थ्य के लिए सत्र के लाभों का अनुभव लिया।
