Eknath Shinde
नेटवर्क महानगर/ठाणे
महाराष्ट्र की सियासत में आज का दिन काफी अहम है। स्थानीय निकाय चुनावों के लिए वोटों की काउंटिंग जारी है। रुझानों/नतीजों में बीजेपी की अगुवाई वाली महायुति 214 सीटों पर बढ़त बनाए हुए है। चुनाव के परिणाम पर सभी की निगाहें टिकीं थीं। इन चुनावों के परिणाम आज घोषित हो रहे हैं। महाराष्ट्र के कई इलाकों के नतीजे सामने आ रहे हैं। इस बीच, कुछ नगर परिषदों और नगर पंचायतों में अप्रत्याशित रिजल्ट देखने को मिला है, तो कुछ जगहों पर पार्टियों ने अपने पारंपरिक गढ़ को बचाए रखा है। लेकिन कुल मिलाकर नगर परिषद और नगर पंचायत इलेक्शन रिजल्ट में भी बीजेपी-शिवसेना और एनसीपी की महायुति की जीत साफ नजर आ रही है। इस जीत पर राज्य के उपमुख्यमंत्री एकनाथ शिंदे ने एक प्रेस कांफ्रेंस में महायुति की जीत को देखने के बाद महाविकास अघाड़ी से चुटकी ली है।
शिवसेना की हाफ सेंचुरी पर गदगद हुए शिंदे!
एकनाथ शिंदे ने कहा कि विधानसभा चुनाव के बाद नगर परिषद और नगर पंचायत चुनावों में भी महायुति को बंपर जीत मिली है। ये परिणाम इशारा करते हैं कि आगामी महानगरपालिका चुनाव में भी महायुति को बड़ी जीत मिलेगी। विपक्षी टिक नहीं पाएंगे। चुनाव परिणाम में बीजेपी ने शतक पार किया और शिवसेना ने हाफ सेंचुरी लगाई। हमारी पार्टी ‘शिवसेना’ का भी स्ट्राइक रेट अच्छा रहा है। कम सीटों पर इलेक्शन लड़ने के बावजूद हमने ज्यादा सीटों पर अपने नगर अध्यक्ष और नगरसेवक जिताए।
शिंदे ने आगे कहा कि महाविकास अघाड़ी ने कुल मिलाकर जितनी सीटें जीती हैं उससे ज्यादा तो अकेले शिवसेना ने जीत ली हैं। कुछ लोग ‘शिवसेना’ को सिर्फ ठाणे तक ही सीमित समझते हैं, लेकिन अब नगर परिषद और नगर पंचायत के चुनाव परिणाम ने दिखा दिया है कि ऐसा नहीं है। शिवसेना का प्रभाव बाहर भी है।
‘भाजपा’ ने सेंचुरी बनाई और ‘शिवसेना’ ने हाफ-सेंचुरी
स्थानीय निकाय चुनावों के नतीजों पर उप-मुख्यमंत्री एकनाथ शिंदे (Eknath Shinde) ने ठाणे में कहा कि ‘मैं वोटर्स को बधाई देता हूं। महायुति लोकसभा, विधानसभा और नगरनिगम चुनावों में सफल रही। संकेत मिल रहे हैं कि आने वाले नगरपालिका चुनावों में भी महायुति गठबंधन सफल होगा। भाजपा ने सेंचुरी बनाई और शिवसेना ने हाफ-सेंचुरी बनाई। मैं मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस को भी बधाई देता हूं; भाजपा को भी बड़ी सफलता मिली है। शिवसेना महाराष्ट्र में नंबर 2 पार्टी बनकर उभरी है।’
शिंदे बोले- जनता ने दिखाया असली शिवसेना किसकी?
वहीं, उद्धव ठाकरे पर तंज कसते हुए एकनाथ शिंदे ने कि जो लोग घर में बैठ जाते हैं, उन्हें मतदाताओं ने इस इलेक्शन में घर में ही बैठा दिया। असली शिवसेना किसकी है, यह पब्लिक ने फिर से दिखा दिया। यहां बता दें कि अब तक आए नतीजों में शिवसेना नगर परिषद में 44 और नगर पंचायत में 8 सीटें जीत चुकी है।
मैं महाराष्ट्र के लोगों को धन्यवाद देता हूं: CM फडणवीस
स्थानीय निकाय चुनावों के नतीजों पर मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस ने कहा कि सबसे पहले, मैं महाराष्ट्र के लोगों को धन्यवाद देता हूं। राज्य के लोगों ने भाजपा और महायुति को जबरदस्त समर्थन दिया है। मैंने पहले ही भविष्यवाणी की थी कि चुने गए सभी नगर परिषद अध्यक्षों में से 75% महायुति के होंगे और लोगों ने ठीक वैसा ही फैसला दिया है। यह भी साफ हो गया है कि भारतीय जनता पार्टी नंबर वन पार्टी है। अब तक भाजपा से लगभग 129 नगर परिषद अध्यक्ष चुने गए हैं।
