नेटवर्क महानगर/मुंबई
महाराष्ट्र में सबसे प्रतिष्ठापूर्ण माने जा रहे बृहन्मुंबई महानगरपालिका (बीएमसी) चुनावों के लिए तैयारिया शुरू शुरू हो चुकी है। 15 जनवरी 2026 को मतदान और 16 जनवरी को मतगणना होने वाली है। इन चुनावों से पहले भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) ने अपनी तैयारी को और मजबूत कर लिया है।
सोमवार, (22 दिसंबर) को मुंबई भाजपा ने अपना ‘वॉर रूम’ और ‘इलेक्शन ऑफिस’ का उद्घाटन किया, जो पार्टी के चुनाव अभियान का कमांड सेंटर बनेगा। इस उद्घाटन समारोह में भाजपा के राष्ट्रीय सह संगठन मंत्री शिवप्रकाश, मुंबई उपनगरीय संरक्षक मंत्री तथा सूचना प्रौद्योगिकी मंत्री आशीष शेलार और मुंबई भाजपा अध्यक्ष व विधायक अमित साटम, विधायक प्रसाद लाड, प्रवीण दरेकर मुख्य रूप से मौजूद थे। इसके बाद मुंबई भाजपा चुनाव समन्वय समिति की महत्वपूर्ण बैठक हुई, जिसमें केंद्रीय मंत्री पीयूष गोयल भी शामिल हुए।

इस मौके पर मुंबई भाजपा अध्यक्ष अमित साटम ने कहा कि वॉर रूम डेटा एनालिसिस, फीडबैक संग्रह, सूचना विश्लेषण और मॉनिटरिंग का केंद्र होगा। वार्ड स्तर के कार्यकर्ताओं से लगातार फीडबैक लिया जाएगा और उसे मैदान में उतरे कार्यकर्ताओं तक पहुंचाया जाएगा। यह वॉर रूम मतगणना तक यानी लगभग 25 दिनों तक मुंबई में पार्टी का कमांड एंड कंट्रोल सेंटर रहेगा।
साटम ने हाल के नगर परिषद और नगर पंचायत चुनावों में महाविकास आघाड़ी (एमवीए) की करारी हार का जिक्र करते हुए शिवसेना (यूबीटी) पर जमकर निशाना साधा। उन्होंने कहा, नगर परिषद चुनावों के नतीजों से यूबीटी गुट को समझ आ गया होगा कि बेमेल गठबंधन के क्या परिणाम होते हैं। ये नतीजे जनता का भाजपा और महायुति के लिए आशीर्वाद हैं। मुंबई में लोग 150 से अधिक भाजपा पार्षद चुनेंगे और महायुति का मेयर बीएमसी की कमान संभालेगा। स्थानीय निकाय चुनावों में महायुति की प्रचंड जीत ने भाजपा का मनोबल बढ़ाया है। राज्यभर में 288 नगर परिषदों और पंचायतों में महायुति ने 217 से अधिक सीटें जीतीं, जबकि एमवीए महज 50 के आसपास सिमट गई।
बता दें कि स्थानीय निकाय चुनाव के नतीजों के बाद एनडीए कार्यकर्ताओं में जोश और उत्साह है। भाजपा का लक्ष्य मुंबई महानगरपालिका पर कब्जा जमाना है, जहां पिछले तीन दशकों से शिवसेना (यूबीटी) का दबदबा कायम रहा है।
भाजपा-शिवसेना और एनसीपी को कितनी सीटें?
बृहन्मुंबई महानगरपालिका (बीएमसी) में कुल सीटों की संख्या 227 है। सूत्रों के अनुसार जो जानकारी सामने आई है। उसके हिसाब से बीजेपी 150 सीटों पर अपने कैंडिडेट उतार सकती है। एकनाथ शिंदे की अगुवाई वाली शिवसेना को 50 सीटें लड़ने के लिए मिल सकती हैं। 27 सीटें अजित पवार की अगुवाई वाली राष्ट्रवादी कांग्रेस पार्टी (एनसीपी) के लिए छोड़ी जा सकती है। ऐसे में महायुति के तीनों दलों के बीच 150:50:27 सीटों के फॉर्मूलें पर सहमति बन सकती है। महाराष्ट्र के राज्य चुनाव आयोग ने मुंबई बीएमसी चुनावों का ऐलान कर दिया है। इसके अनुसार मुंबई में 15 जनवरी को वोट डाले जाएंगे, नतीजे अगले दिन यानी 16 जनवरी को घोषित किए जाएंगे।
