नेटवर्क महानगर/मुंबई
बृहन्मुंबई महानगरपालिका चुनाव 2026 के लिए ‘आम आदमी पार्टी’ (AAP) ने एक प्रेस कांफ्रेंस के जरिये आमजनता के लिए बड़े ऐलान किए हैं। आप नेता और दिल्ली की पूर्व मुख्यमंत्री आतिशी ने आगामी चुनावों के लिए पार्टी का घोषणापत्र जारी किया।
अपने घोषणापत्र में आम आदमी पार्टी ने वादा किया कि अगर बीएमसी में ‘आप’ की सरकार बनी तो 200 यूनिट तक मुफ्त बिजली देंगे। इसके अलावा आप ने 24 घंटे फ्री पानी का भी ऐलान किया है। आम आदमी पार्टी ने अपने घोषणापत्र में कहा है कि मुंबईकरों को 20 हजार लीटर तक फ्री पानी दिया जाएगा।
आप ने कहा है कि अगर वह बीएमसी चुनाव जीतती है तो क्षेत्र के बच्चों को विश्वस्तरीय शिक्षा व्यवस्था मिलेगी, जिसमें बच्चों को फ्री बस पास भी मिलेंगे। आम आदमी पार्टी ने कहा है कि लोगों के दरवाजे तक स्वास्थ्य संबंधी सुविधाएं मुफ्त दी जाएंगी। बीएमसी क्षेत्र में मोहल्ला क्लिनिक खोलने के ऐलान भी किए हैं। पार्टी ने बीएमसी के मतदाताओं से पर्यावरण संबंधी वादे भी किए हैं।
सड़कों को गड्ढामुक्त करने का वादा!
आप ने बेस्ट की सेवाओं को और सुदृढ़ करने के साथ ही सड़कों को गड्ढामुक्त करने का दावा किया है। अपने घोषणा पत्र में कहा है कि इलेक्ट्रिक गाड़ियों की 10,000 बसों की फ्लीट जनता को उपलब्ध कराई जाएगी। महिलाओं को फ्री बस सेवा मिलेगी। पार्टी ने जनता से सीसीटीवी, स्ट्रीट लाइट लगवाने का भी वादा किया है। आम आदमी पार्टी ने कहा है कि सभी को घर मिलेगा। साथ ही किराए के घरों में रहने वालों को भी राहत दी जाएगी। पार्टी ने वादा किया है कि लाइसेंसिंग की सुविधा को सामान्य करते हुए बिजनेस फ्रेंडली माहौल तैयार किया जाएगा।
75 हजार करोड़ का बजट, फिर भी बदहाली!
घोषणापत्र जारी करते हुए दिल्ली की पूर्व सीएम आतिशी ने कहा कि 75,000 करोड़ रुपये से अधिक बजट वाली बीएमसी ने मुंबईकरों को घटिया सेवाएं और भ्रष्टाचार ही दिया है। उन्होंने आरोप लगाया कि बीएमसी स्कूलों को उनकी रियल एस्टेट वैल्यू हड़पने के लिए जानबूझकर बंद किया जा रहा है। आज तीन लाख से भी कम बच्चे बीएमसी स्कूलों में पढ़ रहे हैं, जबकि शहर की क्षमता कहीं ज्यादा है, प्राथमिक स्वास्थ्य सेवाएं भी नगण्य हैं।
बता दें कि बीएमसी में कुल 227 वार्ड हैं। मुंबई समेत 29 महानगरपालिकाओं के लिए 15 जनवरी को वोटिंग होगी और काउंटिंग अगले दिन 16 जनवरी को होगी।
