bhandup best bus accident
नेटवर्क महानगर/मुंबई
साल 2025 जाते-जाते भांडुप (पश्चिम) में सोमवार, (29 दिसंबर) की रात बेस्ट बस हादसे ने पूरे शहर को झकझोर कर रख दिया। इस हादसे में चार लोगों की मौत हो गई। जबकि,10 अन्य लोग बुरी तरह से घायल हो गए। प्रारम्भिक जांच में अब तक जो सामने आया है, वह हैरान कर देने वाला है।
बताया जा रहा है कि बस अड्डे पर कई लोग बस पकड़ने के लिए कतार में खड़े थे, तभी भांडुप (पश्चिम) स्टेशन रोड परिसर में बस रिवर्स लेते समय ड्राइवर ने कंट्रोल खो दिया और बस पीछे खड़े कई यात्रियों को टक्कर मारती आगे निकल गई। सूचना पर आनन-फानन में पुलिस और फायर ब्रिगेड की टीम मौके पर पहुंची और रेस्क्यू ऑपरेशन शुरू किया। टीम ने घायलों को अस्पताल में भर्ती कराया। वहीं, हादसे के बाद भांडुप पश्चिम स्टेशन रोड परिसर में अफरा-तफरी मच गई। मौके पर मौजूद लोगों को संभालने में पुलिस को कड़ी मशक्कत करनी पड़ी। दिल दहला देने वाली ये घटना सोमवार की रात करीब 9:35 बजे की है। पुलिस को घटना की सूचना रात 10:05 बजे मिली। सूचना मिलते ही मौके पर मुंबई अग्निशमन दल, पुलिस, BEST के कर्मचारी और 108 एंबुलेंस को रवाना किया गया। घायलों को इलाज के लिए पास के अस्पताल में भर्ती कराया गया है।

अब इस हादसे का सीसीटीवी फुटेज भी सामने आया है, जो कि घटनास्थल के पास स्थित एक दुकान की है। इसमें देखा जा सकता है कि कैसे बस भीड़ पर चढ़ गई। वीडियों में साफ-साफ देखा जा सकता है कि एक साड़ी की दुकान के बाहर कुछ लोग आपस में बातचीत कर रहे हैं। तभी अचानक तेज गति से आ रही बेस्ट की बस ने अपना नियंत्रण खो दिया और वो सामने खड़ी भीड़ पर चढ़ते हुए आगे जाकर रुक जाती है। सीसीटीवी फुटेज में कुछ लोग जान बचाने के लिए तेजी से दुकान के अंदर भागते नजर आए। वहीं कुछ लोगों की किस्मत इतनी अच्छी नहीं थी कि वो कहीं भाग पाते, वो चंद सेकेंड में बस की चपेट में आ गए। घटना के बाद मौके पर चीख-पुकार का माहौल बन गया।
मृतकों में तीन महिलाएं और एक पुरुष शामिल हैं। घायलों की हालत गंभीर बताई जा रही है और डॉक्टर उनकी जान बचाने की कोशिश में जुटे हैं। राजावाड़ी बीएमसी अस्पताल में 31 वर्षीय अज्ञात महिला को मृत अवस्था में लाया गया था। वहीं प्रशांत लाड (51) की हालत गंभीर बताई जा रही। इसके अलावा एम.टी. अग्रवाल अस्पताल में तीन लोगों को मृत घोषित कर दिया गया। 9 लोग घायल हैं, जिनका इलाज जारी है।
बेस्ट बस हादसे को लेकर डीसीपी हेमराज सिंह राजपूत ने बताया कि बस चालक को हिरासत में ले लिया गया है और उसका मेडिकल परीक्षण कराया गया है। उसके खिलाफ केस दर्ज कर आगे की जांच की जा रही है। पुलिस यह जांच कर रही है कि हादसा बस की तेज रफ्तार, ब्रेक फेल होने या ड्राइवर की लापरवाही की वजह से हुआ?
मृतकों के परिवार को 5 लाख का मुआवजा
महाराष्ट्र के मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस ने एक्स पोस्ट में लिखा- मुंबई में भांडुप रेलवे स्टेशन के पास एक जानलेवा हादसे में 4 लोगों की मौत होना बहुत दुखद घटना है। मैं उन्हें दिल से श्रद्धांजलि देता हूं। इस घटना में 9 लोग घायल हुए हैं, और मैं भगवान से उनके जल्द ठीक होने की प्रार्थना करता हूं। राज्य सरकार मृतकों के परिवारों को पांच लाख रुपये की आर्थिक मदद देगी।
