नेटवर्क महानगर/मुंबई
साल 2025 खत्म होने से पहले मुंबई पुलिस को बड़ी कामयाबी हासिल हुई है। मुंबई पुलिस के परिमंडल- 3 और 4 ने चोरी किए गए करोड़ों रुपए के मोबाइल फोन को रिकवर किया और लोगों को लौटाया है।
मुंबई पुलिस की टीम इस वक्त एक बड़े ड्राइव के तहत आम नागरिकों के गुमशुदा या चोरी हुए मोबाइल फोन को रिकवर करने और उन्हें उनके असली ओनर तक पहुंचाने का काम कर रही है। पुलिस की टीम CEIR पोर्टल जो एक केंद्रीकृत प्रणाली है, जो मोबाइल उपकरणों को उनके अंतर्राष्ट्रीय मोबाइल उपकरण पहचान (IMEI) नंबरों का उपयोग करके प्रबंधित और ट्रैक करने के लिए कार्यान्वित की जाती है, उसकी मदद से फोन का पता लगा रही है। मुंबई के सभी जोन और पुलिस स्टेशनों में इसके लिए अलग से अधिकारी कार्यरत है।
जोन- 3 में 523 मोबाइल फोन लौटाए गए!
इसी के तहत मंगलवार, (30 दिसंबर) को मुंबई पुलिस के जोन 3 के डीसीपी कृष्णकांत उपाध्याय के नेतृत्व में नागरिकों को उनका अलग-अलग समय पर चोरी हुआ मोबाइल फोन वापस लौटाया गया। जोन 3 की तरफ़ से कुल 523 मोबाइल फोन लौटाए गए जिसकी अनुमानित कीमत लगभग 1,07,21,500 /- के करीब बताई जा रही है। इसी प्रकार कुल मिलाकर पिछले कुछ महीनो में मुंबई पुलिस के जोन 3 ने अलग-अलग पुलिस स्टेशनों से कुल मिलाकर चोरी हुए अथवा गुम हुए कुल 879 मोबाइल फोन लौटाए हैं। इतना ही नहीं करोड़ों रुपए के समान अथवा गहने जो चोरी हुए थे, उनको भी लौटने का काम किया गया।
जोन- 4 में 637 मोबाइल लौटाए गए!
वहीं, अगर बात की जाए मुंबई पुलिस के जोन- 4 की तो डीसीपी आर. रागसुधा के नेतृत्व में मंगलवार, (30 दिसंबर) को साल 2022 से 2025 तक चोरी हुए 637 मोबाइल नागरिकों को लौटाए गए। जोन- 4 के अंतर्गत एक विशेष तलाशी अभियान चलाया गया, जिसमें 2022-2025 की अवधि के दौरान अपराधों में चोरी हुए और अपराधियों से बरामद किए गए मोबाइल फोन की तलाश की गई।
इस अभियान के तहत जोन- 4 के प्रत्येक पुलिस स्टेशन ने गहन जांच की और चोरी और गुम हुए मोबाइल फोन बरामद किए। इस अभियान के दौरान, मुंबई, महाराष्ट्र और अन्य राज्यों की पुलिस टीमों की मदद से 27/10/2025 से 30/12/2025 तक कुल 637 मोबाइल फोन जब्त किए गए। मोबाइल फोन का अनुमानित कुल कीमत करीब 1,08,41,300 रुपये (एक करोड़, आठ लाख, इकतालीस हजार तीन सौ रुपये) बताई जा रही है।
