Sanjay Nirupam
नेटवर्क महानगर/मुंबई
शिवसेना (शिंदे गुट) के नेता संजय निरुपम ने कांग्रेस के साथ ही शिनसेना (यूबीटी) पर जमकर हमला बोला है। उन्होंने नाना पटोले की ओर से राहुल गांधी की भगवान राम से तुलना करने पर कांग्रेस पर जमकर निशाना साधा है। निरुपम ने कहा कि जो कांग्रेस कभी भगवान राम के अस्तित्व पर सवाल खड़े किए, अयोध्या राम मंदिर में उनके दर्शन करने नहीं पहुंचे। कांग्रेस की पहचान ही राम विरोधी है, वो रावण के अनुयायी हैं। उन्होंने सवाल उठाते हुए कहा कि अगर नाना पटोले दावा कर रहे हैं कि भगवान राम के आदर्श के मुताबिक, राहुल गांधी दबे-कुचले के लिए काम कर रहे हैं तो क्या वहीं दबे-कुचले को ढूंढने वो हर दो महीने में कोलंबिया, पेरू, इटली, लंदन, थाईलैंड जाते है? यह किस तरह का काम है।
संजय निरुपम ने शिवसेना (यूबीटी) पर हमला बोलते हुए कहा कि जिस पार्टी ‘शिवसेना’ की स्थापना हिन्दू हृदयसम्राट बालासाहेब ने की। हमेशा हिंदी-हिन्दू-हिंदुस्तान का समर्थन किया, आवाज उठाई। अब उन्ही के बेटे उद्धव ठाकरे और उनकी पार्टी शिवसेना (यूबीटी) ‘मुस्लिम वोट’ के लिए इतना छटपटा रहे हैं कि उन्होंने हिंदी या मराठी छोड़कर ‘उर्दू’ में पम्पलेट या प्रचार कर लोगों से वोट मांग रहे। शिवसेना (यूबीटी) अब जिहादियों के साथ खड़ी नजर आ रही है और अपनी पार्टी में शामिल कर रहे। यह उद्धव ठाकरे और उनकी पार्टी की असलियत है, जिसे जनता समझ गई है।
मुंबई का अगला मेयर उत्तर भारतीय होगा: संजय निरुपम
बीएमसी चुनाव को लेकर शिवसेना नेता संजय निरुपम ने दावा करते हुए कहा कि मुंबई का मेयर ‘मराठी मानुस’ और छत्रपति शिवाजी महाराज के विचारों का होगा। लोग अपने विचार रखते है, लेकिन मुंबई की मराठी जनता तय करेगी।
बता दें कि मुंबई महानगरपालिका (बीएमसी) चुनाव को लेकर सियासी माहौल लगातार गरमाता जा रहा है। 15 जनवरी को मतदान और 16 जनवरी को मतगणना होनी है। मेयर किस पार्टी का होगा, यह तो नतीजों के बाद ही तय होगा, लेकिन उससे पहले मेयर की जाति, धर्म और भाषा को लेकर राजनीति तेज हो गई है।
शाहरुख खान ने बांग्लादेशी खिलाड़ी को KKR में लिया
निरुपम ने ये भी कहा कि बांग्लादेश में जिस तरह से हिंदुओं की हत्या हो रही है। उससे भारतीयों में गुस्सा बहुत ज़्यादा है, इसलिए शाहरुख खान को चाहिए कि वो अपनी टीम में बांग्लादेश के खिलाड़ी को ना लें और अगर लिया है तो बाहर निकालें। क्योंकि उनपर जो भाषा का इस्तेमाल किया जा रहा है या अपमान के शब्द इस्तेमाल हो रहे, वो मुझे अच्छा नहीं लग रहा है।
नाना पटोले ने क्या कहा था?
नाना पटोले ने कहा कि राहुल गांधी यदि शोषित पीड़ित को लेकर काम कर रहे हैं, किसानों के लिए काम कर रहे हैं, देश के लिए कर रहे हैं, संविधान के लिए कर रहे हैं, राम राज्य की बात कर रहे हैं, तो इसमें कोई गलत नहीं है। राहुल गांधी जब अयोध्या जाएंगे तो रामलला का दर्शन करेंगे। राजीव गांधी जब देश के प्रधानमंत्री थे, तो उन्होंने रामलला का ताला खोलकर भूमि पूजन किया था। हमारी जो श्रद्धा है, जो आस्था है, हम वहां पर मत्था टेकते ही है।
भगवान राम की विचारधारा का काम करना बीजेपी-शिवसेना को गलत लगता है। हनुमान जी ने भी भगवान राम का काम किया था, तो क्या उनको भी ट्रोल किया जाएगा। यदि भगवान राम के विचारधारा पर काम करना उनको गलत लगता है, तो यह कौन से राम भक्त निकले। राम-राम जपना पराया माल अपना, यदि यह बीजेपी-शिवसेना करेगी, भगवान राम के मंदिर से कितने पैसे जमा किए हैं, इसका हिसाब तो रख दें एक बार।
