पंकज यादव/मुंबई
मुंबई में फोर्ट इलाके के एक रेस्टोरेंट की किचन में गुरुवार, (8 जनवरी) को अचानक आग लगने से पूरे इलाके में अफरातफरी मच गई। जिसके बाद मुंबई फायर ब्रिगेड (MFB) की कई गाड़ियां मौके पर पहुंची और फायर अधिकारियों ने तुरंत कार्रवाई करते हुए आग पर एक घंटे के भीतर काबू पा लिया। इस घटना में किसी के भी हताहत होने की खबर नहीं है।

बृहन्मुंबई महानगरपालिका (BMC) के डिजास्टर अधिकारियों से मिली जानकारी के मुताबिक, आग रेस्टोरेंट के पहली मंजिल की किचन में लगी थी। आग दोपहर 12.59 बजे कोच्चि स्ट्रीट स्थित ‘नेटिव बॉम्बे रेस्टोरेंट’ की पहली मंजिल पर किचन में लगी। MFB ने इस घटना को लेवल 1 (मामूली) आग के रूप में वर्गीकृत किया है।
मौके पर फायर ब्रिगेड की गाड़ियां, दमकलर्मी, पुलिसकर्मी और BEST कर्मचारी मौजूद थे। लगभग एक घंटे की मशक्कत के बाद आग पर पूरी तरह से काबू पा लिया गया। खबर लिखने तक एक फायर अधिकारी ने बताया कि आग लगने के सही कारण का अभी तक पता नहीं चल पाया है, विस्तृत जांच के बाद इसका पता लगाया जाएगा।
