नेटवर्क महानगर/मुंबई
मुंब्रा से नवनिर्वाचित AIMIM नगरसेविका सहर यूनुस शेख के ‘मुंब्रा को हरा रंगने’ के बयान पर महाराष्ट्र में सियासी बवाल मचा है। अब मुंबई भाजपा के अध्यक्ष अमित साटम ने कहा है कि मराठों की जन्मभूमि को ‘हरा’ करने का सपना कभी पूरा नहीं होगा।
दरअसल, महानगरपालिका चुनाव में जीत मिलने के बाद मुंब्रा से नवनिर्वाचित AIMIM नगरसेविका सहर यूनुस शेख ने बड़ा बयान दिया था। उन्होंने कहा था कि अगले चुनाव में पूरे मुंब्रा को ‘हरा’ रंगना है। उनके इस बयान के बाद से महाराष्ट्र में सियासी हलचल तेज है और सत्तारूढ़ महागठबंधन महायुति लगातार AIMIM को घेरे में ले रही है।
इस बीच मुंबई भाजपाअध्यक्ष अमित साटम ने भी बड़ा बयान दिया है। उन्होंने कहा है कि यह छत्रपति शिवाजी महाराज और छत्रपति संभाजी महाराज, डॉ बाबासाहेब आंबेडकर और हिन्दूहृदय सम्राट बालासाहेब ठाकरे का महाराष्ट्र है। इस महाराष्ट्र के मराठा ने पूरे मुल्तान और पेशावर तक हिंदवी स्वराज का झंडा लहराया था।
भाजपा नेता ने आगे चेतावनी के लहजे में कहा कि जिस महाराष्ट्र के मराठों ने ये काम किया, उन मराठों की जन्मभूमि को हरा करने का ये सपना आने वाले 100 जन्मों में भी पूरा नहीं होगा।
असदुद्दीन ओवैसी की पार्टी AIMIM और पार्षदों पर करारा हमला बोलते हुए अमित साटम ने कहा कि आप जैसे समाज विघाटक देश विघाटक और अलगाववादी ताकतों से रिश्ता रखने वाले आप इस देश को विभाजित करने की साजिश रच रहे हो। आपकी आने वाली 100 पुश्तें भी इस देश से भगवा रंग और भगवा झंडे को हटाने में कामयाब नही होंगी।
