Ritu Tawde Mumbai Mayor
नेटवर्क महानगर/मुंबई
बृहन्मुंबई महानगरपालिका (बीएमसी) के लिए महापौर और उपमहापौर पर चल रहा विवाद आज खत्म हो गया। भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) और शिवसेना ने अपने उम्मीदवार घोषित कर दिए हैं। भाजपा की रितु तावड़े मुंबई महानगरपालिका की नई महापौर होंगी और शिवसेना (शिंदे गुट) के संजय घाड़ी उपमहापौर होंगे।
मुंबई महापौर पद के लिए नामांकन भरने के बाद भाजपा की वरिष्ठ नेता रितु तावड़े ने कहा कि हिंदू मराठी मेयर बनाने का जो वादा बीजेपी ने किया था, उसे पूरा करके दिखा दिया है। उन्होंने कहा कि मुंबई का रंग भगवा है और ये रंग भगवा ही रहेगा। हमने अपने वचननामा में कहा था कि मुंबई को बांग्लादेशी-रोहिंग्या मुक्त बनाएंगे और सच में इसे करना ही है, क्योंकि इन बांग्लादेशियों ने हमारे फुटपाथ को कर लिया है। आम मुंबईकरों को चलने के लिए फुटपाथ तक नहीं है। इस फुटपाथ को मुक्त करना यह हमारी पहली प्राथमिकता होगी।
महापौर बनने से पहले रितु तावड़े ने कहा कि मुंबई के बुनियादी मुद्दे जैसे- बिजली, सड़क, पानी, इंफ्रास्ट्रक्चर को हल करना भी हमारी प्राथमिकता होगी। बीएमसी को भ्रष्टाचार मुक्त करना हमारा लक्ष्य है। पिछले 25 साल में जो उन्होंने (ठाकरे सेना) घोटाले किए हैं। जिसमें कफन घोटाला, खिचड़ी घोटाला, कोविड घोटाला आदि। उनके द्वारा किए गए हर घोटाले की जांच होगी। मुंबई को भ्रष्टाचार मुक्त बनाने का काम हम करेंगे। उन्होंने आगे कहा कि मैं घाटकोपर के लोगों का आभार व्यक्त करती हूं, जिन्होंने मुझे चुनकर यहां भेजा। मेरी पहली प्राथमिकता मेरा वार्ड है। मेरे वार्ड के लोगों और मुंबई के हर नागरिक की सेवा करना मेरी प्राथमिकता रहेगी। उन्होंने अवैध रूप से रहने वाले बांग्लादेशियों को मुंबई से बाहर करने का बीजेपी का संकल्प दोहराया।
बता दें कि मुंबई महापौर का पद ओपन कैटेगरी में महिला उम्मीदवारों के लिए रिजर्व होने के कारण यह साफ हो गया था कि मुंबई को फिर से महिला मेयर मिलेगी। 2026 के बीएमसी चुनाव में घाटकोपर वार्ड क्र.132 से चुनी गईं बीजेपी नगरसेविका रितु तावडे ने शनिवार, (7 फरवरी को) बृहन्मुंबई महानगरपालिका (बीएमसी) मेयर पद के लिए अपना नामांकन दाखिल किया है। बीएमसी मेयर पद का चुनाव 11 फरवरी को दोपहर 12 बजे होगा। नामांकन दाखिल करने की अंतिम समय-सीमा आज शाम 5 बजे तक थी।
शिवसेना (उद्धव बालासाहेब ठाकरे) पक्ष और कांग्रेस ने मेयर पद के लिए कोई उम्मीदवार मैदान में नहीं उतारा है। शिवसेना (UBT) पार्टी ने स्पष्ट किया है कि वह सत्ता की दौड़ में शामिल होने के बजाय बीएमसी में विपक्ष की भूमिका निभाने के लिए तैयार है। इस स्थिति में महायुति की उम्मीदवार रितु तावड़े का निर्विरोध महापौर बनना तय माना जा रहा है। वहीं, वार्ड क्र. 5 मगाठाणे से शिवसेना के नगरसेवक संजय घाडी भी उपमहापौर के लिए निर्विरोध चुने जा सकते हैं। अब 11 फरवरी को मेयर पद का चुनाव सिर्फ एक औपचारिकता मात्र रह गया है, जिससे बीएमसी में सत्ता समीकरण की तस्वीर साफ हो गई है। मुंबई की पूर्व महापौर किशोरी पेडनेकर ने मीडिया से बातचीत में कहा कि अब एक मराठी मेयर नियुक्त हो चुका है। हम संख्या के गणित को स्वीकार करते हैं और हमने इसे स्वीकार कर लिया है।
कौन हैं रितु ऋतु तावड़े?
दरअसल, रितु तावड़े की पहचान बीजेपी के वरिष्ठ नेताओं में होती है। वे तीन बार अलग-अलग वार्डों से चुनाव जीत चुकी हैं। उन्होंने पहली बार 2012 में वार्ड क्र.127 से चुनाव जीता था। इसके बाद 2017 के बीएमसी चुनाव में वार्ड क्र.121 से दोबारा चुनी गईं। 2026 बीएमसी चुनाव में वह वार्ड क्र.132 से चुनी गई थीं। इससे पहले वह बीएमसी एजुकेशन कमेटी की चेयरपर्सन रह चुकी हैं। रितु पहले कांग्रेस में थीं और उन्होंने 2012 में बीजेपी का दामन थामा था। कुल मिलाकर देखा जाए तो रितु तावड़े के नाम के ऐलान के साथ बीजेपी ने मराठी मानुष को मेयर बनाने का अपना वादा पूरा किया है। साथ ही शिवसेना (यूबीटी) और मनसे की आलोचनाओं पर भी विराम लगा दिया है। वहीं, मनसे प्रमुख राज ठाकरे के बेहद करीबी माने जाने वाले संजय घाडी पार्टी की स्थापना के समय से राज ठाकरे के साथ रहे, लेकिन बाद में उन्होंने शिवसेना का दामन थाम लिया था।
अमित साटम ने क्या कहा?
मुंबई भाजपा अध्यक्ष अमित साटम ने कहा है कि हमने वादा किया था कि मुंबई का मेयर हिंदू होगा और मराठी होगा और इसीलिए हमने एक हिंदू और मराठी चेहरा महापौर पद के लिए रितु तावडे़ के रूप में दिया है और आने वाले समय में हमने मुंबईकरों को जो वादा हमने किया है- विकास का, वह वादा हमें निभाना है।
16 फरवरी से शुरू होंगी BMC सभागार की बैठकें
प्राप्त जानकारी के मुताबिक, मुंबई महानगरपालिका (बीएमसी) के सभागार की पहली सभा चार साल बाद सोमवार, (16 फरवरी) से शुरू होने जा रही है।इसी दिन नेता प्रतिपक्ष का चयन किया जाएगा और विभिन्न समितियों के सदस्यों का भी चुनाव होगा। 24 फरवरी को विशेष सभा आयोजित की जाएगी, जिसमें राज्य के पूर्व उपमुख्यमंत्री अजित पवार को श्रद्धांजलि दी जाएगी। शोक प्रस्ताव लाकर पूरे दिन के लिए सभागार की कार्यवाही स्थगित रखी जाएगी।
