Mumbai MHADA Lottery 2026
नेटवर्क महानगर/मुंबई
मुंबई में अपना घर खरीदने का सपना देख रहे लोगों के लिए म्हाडा (MHADA) की ‘पहले आओ-पहले पाओ’ लॉटरी एक सुनहरा मौका है। म्हाडा ने मुंबई मंडल के तहत 118 फ्लैट्स को पहले आओ-पहले पाओ के आधार पर बिक्री के लिए उपलब्ध कराया है। इन फ्लैट्स के लिए आज यानी 17 फरवरी 2026 सुबह 11 बजे से ऑनलाइन रजिस्ट्रेशन शुरू हो गया है। इच्छुक लोग MHADA की आधिकारिक वेबसाइट के जरिए घर के लिए आवेदन कर सकते हैं। 4 मार्च 2026 से आवेदन जमा करने, अनामत राशि (डिपॉजिट) भरने और फ्लैट चुनने की प्रक्रिया शुरू होगी।
मुंबई के इन इलाकों में मिलेंगे फ्लैट
म्हाडा के ये फ्लैट्स कांदिवली, वडाला, पवई, मानखुर्द, मालाड, घाटकोपर, विक्रोली, भायखला, ताडदेव, लोअर परेल, सायन और अंधेरी जैसे इलाकों में उपलब्ध हैं। पहले लॉटरी में घोषित लेकिन खाली रह गए फ्लैट्स को अब सीधे बिक्री के लिए रखा गया है। अगर कोई आवेदक फ्लैट चुनता है तो उसे 48 घंटे के अंदर कुल कीमत का 10 प्रतिशत जमा करना होगा। बाकी रकम 90 दिनों के भीतर भरनी होगी।
कौन कर सकता है आवेदन?
आवेदक की उम्र कम से कम 18 साल होनी चाहिए और वह भारतीय नागरिक होना जरूरी है। साथ ही महाराष्ट्र में कम से कम 15 साल का निवास प्रमाणपत्र जरूरी होगा। सभी भुगतान ऑनलाइन माध्यम जैसे UPI, Net Banking, Debit/Credit Card से ही करने होंगे। MHADA ने साफ कहा है कि किसी भी एजेंट या दलाल से लेनदेन न करें।
क्यों खास है यह मौका?
मुंबई में घर खरीदना आम आदमी के लिए काफी मुश्किल होता जा रहा है। ऐसे में सस्ते और भरोसेमंद सरकारी फ्लैट मिलना बड़ी राहत है। ‘पहले आओ-पहले पाओ’ योजना में जो पहले आवेदन करेगा और शर्तें पूरी करेगा, उसे सीधे घर मिल सकता है। मुंबईकरों के लिए यह मौका अपने सपनों का घर पाने का सुनहरे अवसर के तौर पर देखा जा रहा है।
