Stuti Sonawane Suicide Case
नेटवर्क महानगर/मुंबई
मुंबई के अंटॉप हिल पुलिस स्टेशन अंतर्गत एक 24 वर्षीय डेंटल मेडिकल छात्रा स्तुति सोनवणे ने कथित तौर पर अपने प्रेमी मोहम्मद फैजुल खान द्वारा चरित्र पर लगाए जा रहे आरोपों से परेशान होकर आत्महत्या कर ली। पुलिस को मौके से इंग्लिश में लिखा हुआ छह पन्नों का सुसाइड नोट मिला है। सुसाइड नोट में छात्रा ने फैजुल से अपने रिश्ते की शुरुआत से लेकर आत्महत्या जैसा कदम उठाने तक की पूरी कहानी लिखी है। मृत छात्रा की पहचान स्तुति सोनवणे के रूप में हुई है, जो नवी मुंबई के एक डेंटल कॉलेज में एमडीएस (Master of Dental Surgery) की पढ़ाई कर रही थी। मृतक छात्रा अपने माता-पिता और बहन के साथ अंटॉप हिल स्थित घर में रहती थी।
परिजनों के मुताबिक, घटना वाले दिन सुबह करीब 11 बजे तक जब स्तुति अपने कमरे से बाहर नहीं निकली, तो परिवार को शक हुआ। माता-पिता के बार-बार बुलाने पर भी कोई जवाब नहीं मिला। इसके बाद परिवार ने दरवाजा तोड़कर अंदर देखा तो वह दुपट्टे के सहारे फांसी के फंदे से लटकी हुई मिली। परिवार ने तुरंत उसे मुंबई के सायन अस्पताल पहुंचाया, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। घटना की सूचना मिलने के बाद अंटॉप हिल पुलिस मौके पर पहुंची और कमरे की तलाशी के दौरान लड़की के शव के पास से छह पन्नों का सुसाइड नोट बरामद किया।
सुसाइड नोट में छात्रा ने प्रेमी पर लगाए ये गंभीर आरोप?
सुसाइड नोट में छात्रा ने अपने प्रेमी मोहम्मद फैजुल खान पर गंभीर आरोप लगाए हैं। उसने लिखा है कि प्रेमी उस पर भद्दे आरोप लगाता था और बार-बार उसके चरित्र पर शक करता था, जिससे वह मानसिक रूप से काफी परेशान हो गई थी। छात्रा ने आगे यह भी लिखा कि शुरुआत में दोनों के संबंध अच्छे थे, लेकिन समय के साथ विवाद और झगड़े बढ़ते चले गए। स्तुति ने अपने सुसाइड नोट में लिखा है कि वो फैजुल के प्यार में इस तरह पागल थी कि फैजुल ऑनलाइन डेटिंग साईट पर भी सक्रिय था जिसे स्तुति ने नजरअंदाज किया।
सुसाइड नोट में श्रद्धा वालकर हत्याकांड का जिक्र!
सुसाइड नोट में अप्रत्यक्ष रूप से चर्चित श्रद्धा वालकर हत्याकांड का भी जिक्र किया गया है। छात्रा ने सुसाइड नोट में लिखा कि फैजुल से उसके रिश्ते पर उसके दोस्त अक्सर उससे कहते थे कि हमें अच्छा नहीं लगेगा, अगर हमें तुम्हारी लाश फ्रिज में दिखे। नोट में आगे बताया कि मैं सोचती थी कि हर कोई ऐसा नहीं होता, लेकिन वे सब सही थे। बिल्कुल सही। बताया जा रहा है कि स्तुति के दोस्तों ने इस मामले का जिक्र करके उसे परोक्ष रूप से आगाह भी किया था।
गौरतलब है की चर्चित 27 वर्षीय श्रद्धा वालकर की हत्या उसके लिव इन पार्टनर आफताब अमीन पूनावाला ने प्रेमिका के शव के 17 टुकड़े किए और इन टुकड़ों को कई दिनों तक फ्रीज में रखा और बाद में उन टुकड़ों को जंगल में अलग-अलग जगहों पर फेक दिया। श्रद्धा वालकर हत्याकांड ने पूरे देश को झकझोर कर रख दिया था।
आरोपी प्रेमी के खिलाफ केस दर्ज
अंटॉप हिल पुलिस के मुताबिक, बरामद आत्महत्या नोट में स्तुति ने अपने रिश्ते के उतार-चढ़ाव का विस्तार से वर्णन किया था। फैजुल ने ताज होटल में स्तुति का जन्मदिन मनाया था और शुरुआत में उनके रिश्ते बहुत अच्छे थे। हालांकि, कुछ समय बाद फैजुल का व्यवहार अचानक बदल गया। इस मामले में वर्ली के फैजुल मोहम्मद खान को गिरफ्तार कर लिया गया है। पुलिस को घटनास्थल से छह पन्नों का एक सुसाइड नोट मिला है, जिसमें डॉ. स्तुति ने खुद को अपनी मौत का जिम्मेदार बताया है। आरोपी फैजुल एक बीमा एजेंट है और उसने कानून की पढ़ाई की है। दोनों की पहचान एक मोबाइल ऐप के जरिए हुई थी। फैजुल मोहम्मद खान के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता की धारा 108 के तहत मामला दर्ज किया गया है और सुसाइड नोट के आधार पर जांच शुरू कर दी गई है। पुलिस परिवार और दोस्तों के बयान दर्ज कर रही है तथा स्तुति के प्रेमी फैजुल की भूमिका की भी जांच की जा रही है।
