Yogi Adityanath chittorgarh
नेटवर्क महानगर/चित्तौड़गढ़
उत्तर प्रदेश के सीएम योगी आदित्यनाथ ने कहा कि जातिवाद की राजनीति देश की नींव को कमजोर और समाज को बांटने का काम कर रही है। उन्होंने कहा कि जिन्हें कुछ नहीं करना है, वे समाज को जाति के आधार पर विभाजित करने की कोशिश कर रहे हैं, जिससे भारत की एकता और शक्ति पर असर पड़ता है।
रविवार, (15 मार्च) को वीर भूमि चित्तौड़गढ़ में ‘जौहर स्मृति संस्थान’ द्वारा आयोजित ‘जौहर श्रद्धांजलि समारोह’ को संबोधित करते हुए सीएम योगी ने राष्ट्रकवि रामधारी सिंह दिनकर की पंक्तियां उद्धृत करते हुए कहा कि वीरों का सम्मान उनके पराक्रम और तपोबल से होता है, जबकि कायर लोग जाति के नाम पर समाज में विभाजन करते हैं। उन्होंने आगे कहा कि भारत का इतिहास वीरता, त्याग और बलिदान की परंपरा से भरा हुआ है। महाराणा प्रताप, छत्रपति शिवाजी महाराज और गुरु गोविंद सिंह जैसे महान राष्ट्रनायकों ने सत्ता या स्वार्थ के लिए नहीं, बल्कि देश, धर्म और स्वतंत्रता की रक्षा के लिए संघर्ष किया। मुख्यमंत्री ने कहा कि भारतीय नारी के शौर्य एवं स्वाभिमान का सम्मान है जौहर स्मृति संस्थान।
मुख्यमंत्री ने कहा कि चित्तौड़गढ़ की वीरभूमि भारत की अस्मिता और स्वाभिमान की प्रतीक है। यहां की वीरांगनाओं के जौहर, संतों की परंपरा और मेवाड़ के शौर्य ने पूरे देश को प्रेरणा दी है। सनातन संस्कृति की मर्यादा सदैव अमर रहेगी और इसे कोई मिटा नहीं सकता। उत्तर प्रदेश की कानून-व्यवस्था का जिक्र करते हुए मुख्यमंत्री योगी ने कहा कि प्रदेश में अब बेटियां सुरक्षित माहौल में पढ़ाई और नौकरी कर रही हैं।
उन्होंने कहा कि आज उत्तर प्रदेश में महिलाएं नाइट शिफ्ट में काम कर सुरक्षित अपने घर लौट रही हैं, जो कानून-व्यवस्था में आए बदलाव का प्रमाण है। कार्यक्रम में मेवाड़ के महाराणा विश्वराज सिंह, केंद्रीय मंत्री गजेंद्र सिंह शेखावत, राजस्थान सरकार में कैबिनेट मंत्री कर्नल राज्यवर्धन राठौर सहित कई अन्य जनप्रतिनिधि और संत मौजूद रहे।
