Mumbai Crime News
नेटवर्क महानगर/ठाणे
ठाणे जिले से कल्याण के उंबर्डे परिसर में एक हैरान कर देने वाली घटना सामने आई है। यहां एक पति ने अपनी पत्नी की गला घोंटकर हत्या करने के बाद नासिक गया और सरकारवाड़ा थाने में जाकर पुलिसकर्मियों को हत्या करने की बात बताई। पुलिस को शुरू में उस पर यकीन नहीं हुआ यो सच्चाई का पता लगाने के लिए नासिक पुलिस ने कल्याण की खड़कपाड़ा पुलिस से तुरंत संपर्क किया। खड़कपाड़ा पुलिस की एक टीम तुरंत उंबर्डे में विशाल के दिए गए पते पर पहुंची। वहां घर में घुसने के बाद पुलिस को अर्चना भुटकर की लाश मिली। घटना की पुष्टि होने के बाद नासिक पुलिस ने विशाल को हिरासत में ले लिया है। विशाल भुटकर और अर्चना के दो बच्चे हैं, एक बेटा विशाल के साथ और दूसरा अर्चना की मां (सास) के साथ रह रहा था।
क्या है पूरा मामला?
पुलिस के मुताबिक, दम्पत्ति विशाल भुटकर और अर्चना भुटकर के बीच पिछले कई महीनों से झगड़ा-विवाद चल रहा था। विशाल को अर्चना के चरित्र पर संदेह था, जिसके चलते दोनों में अक्सर झगड़ा हुआ करता था। घटना के दिन विशाल कल्याण के उंबर्डे स्थित उस घर पहुंचा जहां अर्चना रह रही थी। वहां, दोनों के बीच फिर से तीखी बहस हुई, और गुस्से में आकर विशाल ने अर्चना का गला घोंटकर उसकी हत्या कर दी। हत्या के बाद आरोपी विशाल वहां से भाग गया और सीधे नासिक में अपने भाई के पास चला गया और उसे पूरी सच्चाई बताई। फिर उसका भाई उसे नासिक के सरकारवाड़ा पुलिस स्टेशन ले गया। जहां विशाल ने पत्नी की हत्या करने की बात बताई। फिलहाल, कल्याण की खड़कपाड़ा पुलिस आरोपी विशाल को हिरासत में लेकर पूछताछ कर रही है।
