CREATIVE ECONOMY SUMMIT
नेटवर्क महानगर/मुंबई
यूपी के पूर्व सीएम और समाजवादी पार्टी के अध्यक्ष अखिलेश यादव ने मुंबई में बॉलीवुड अभिनेता सलमान खान से मुलाक़ात की। रविवार देर शाम को सपा नेता अखिलेश यादव अभिनेता सलमान खान के घर पहुंचे और उनके पिता सलीम खान के स्वास्थ्य की जानकारी लीं। सलीम खान ख़राब तबीयत के चलते अस्पताल में भर्ती हैं। अखिलेश यादव ने ने इस मुलाक़ात की तस्वीरें अपने सोशल मीडिया अकाउंट पर भी शेयर की हैं।
सपा अध्यक्ष अखिलेश यादव मुंबई में आयोजित ‘क्रिएटिव इकॉनोमी समिट’ (CREATIVE ECONOMY SUMMIT) में शामिल होने पहुंचे थे। इस कार्यक्रम में उन्होंने अपनी बातें भी रखी। समिट के बाद अखिलेश यादव सलमान खान के घर पहुंचे और उनसे मुलाकात की। हालांकि, इस दौरान उनकी मुलाक़ात सलमान खान के पिता सलीम खान से नहीं हुई है। उन्होंने ये तस्वीरें अपने सोशल मीडिया अकाउंट पर भी शेयर कीं और इसके साथ कैप्शन में लिखा- ‘मुंबई मिलन!’
सलमान खान से मिलने के बाद अखिलेश यादव ने पत्रकारों से बातचीत में कहा कि वो अभिनेता के पिता की तबीयत की जानकारी लेने आए थे। उन्होंने उम्मीद जताई कि वो जल्द ही स्वस्थ होकर घर लौटेंगे। अखिलेश यादव ने कहा- मैं उनके (सलमान खान) पिताजी से तो नहीं मिला हूं क्योंकि वो अस्पताल में थे। लेकिन, उनके स्वास्थ्य के बारे में मैंने सलमान खान जी से पूछा और उनकी जानकारी ली। हमें उम्मीद है कि वो बहुत जल्द ही स्वस्थ होकर घर लौटेंगे।
गिनाईं सपा सरकार की उपलब्धियां!
इससे पहले ‘क्रिएटिव इकॉनोमी समिट’ में पूर्व सीएम अखिलेश यादव ने मंच को संबोधित करते हुए उत्तर प्रदेश में सपा सरकार की उपलब्धियां भी गिनाईं।उन्होंने यूपी मेट्रो रेल का जिक्र करते हुए कहा कि जब हमारी सरकार बनी तो मेट्रो हमारे मेनिफेस्टो प्लान में नहीं था। लेकिन, हमने समय की जरुरत को देखते हुए उसे बनवाया।
जो सब कुछ लाने का दावा करते हैं…वो ‘राम-रसोई’ को चलाने के लिए सिलेंडर नहीं ला सकते क्या?
सपा अध्यक्ष ने इस दौरान महाकुंभ में सिलेंडरों की व्यवस्था से लेकर गोमती रिवर फ्रंट, आगरा लखनऊ एक्सप्रेसवे का भी जिक्र किया। उन्होंने कहा कि आक्रोशित जनता समझ ही नहीं पा रही है कि सिलेंडर की लाइन में सरेआम लगे लोगों की दिक़्क़त-परेशानी देखकर भी भाजपाई इतनी बेशर्मी से झूठ कैसे बोल पाते हैं कि गैस की कोई कमी नहीं है।
अखिलेश यादव ने यहां से ये भी ऐलान किया कि सपा चार राज्यों असम, पश्चिम बंगाल, तमिलनाडु, केरल में ‘इंडिया गठबंधन’ के साथ मिलकर चुनाव लड़ेगी।
