नेटवर्क महानगर/ठाणे
ठाणे जिले के मीरा रोड इलाके से एक दिल दहला देने वाली घटना सामने आई है। यहां साईबाबा नगर स्थित चंद्रेश एकॉर्ड्स बिल्डिंग (Chandresh Accords) में एक टीवी अभिनेता द्वारा अपने ही घर में काम करने वाली 36 वर्षीय नौकरानी की बेरहमी से चाकू घोंपकर हत्या किए जाने का मामला सामने आया है। महिला की हत्या के बाद आरोपी टीवी अभिनेता आशीष मेश्राम को मीरा रोड पुलिस ने शुक्रवार, (27 मार्च) को विशाखापट्टनम से गिरफ्तार कर लिया है। आरोप है कि यह हत्या शारीरिक संबंध बनाने से इनकार करने के कारण हुई।
प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि नौकरानी द्वारा शारीरिक संबंध बनाने से इनकार करने पर आरोपी ने उसकी हत्या कर दी। आशीष मेश्राम एक टीवी अभिनेता है और वह कई चर्चित धारावाहिकों में नजर आ चुका है। इस घटना से पूरे मनोरंजन जगत में सनसनी फैल गई है। हत्या का कारण महिला द्वारा शारीरिक संबंध बनाने से इनकार करना बताया जा रहा है। काशीमीरा पुलिस ने हत्या का मामला दर्ज कर फरार आरोपी की गिरफ्तारी के लिए 5 विशेष टीमों का गठन किया था।
पति और चार बच्चों के साथ रहती थी महिला
मृतक महिला की पहचान सुमन कांबले (36) के रूप में हुई है। वह काशीमीरा इलाके में अपने पति और चार बच्चों के साथ रहती थी और लोगों के घरों में काम करके अपने परिवार का पेट पालती थी।
पुलिस के मुताबिक, जिस घर में यह वारदात हुई, वहां रहने वाला 42 वर्षीय आरोपी पिछले करीब एक महीने से सुमन पर शारीरिक संबंध बनाने का लगातार दबाव बना रहा था। सुमन ने इसका कड़ा विरोध किया और अपने परिवार को भी इस प्रताड़ना के बारे में बताया। बात न मानने पर सुमन ने आरोपी के बड़े भाई से उसकी शिकायत की और उस घर में काम करना भी छोड़ दिया। सुमन के काम छोड़ने के कुछ दिन बाद आरोपी के बड़े भाई ने उससे दोबारा काम पर आने की गुजारिश की। उसने सुमन को भरोसा दिलाया कि उसका छोटा भाई (आरोपी) अब उस घर में नहीं रहता है। इसी भरोसे पर सुमन बुधवार शाम करीब 6:30 बजे फिर से काम पर पहुंची थी। लेकिन, आरोपी उसी दौरान घर पर मौजूद था और घात लगाए बैठा था। मौका मिलते ही उसने सुमन पर चाकू से कई ताबड़तोड़ वार किए और वहां से फरार हो गया।
दरवाजे तक संघर्ष करती रही सुमन; पड़ोसियों ने पहुंचाया अस्पताल
गंभीर रूप से घायल और खून से लथपथ सुमन अपनी जान बचाने के लिए संघर्ष करते हुए किसी तरह दरवाजे तक पहुंची। पड़ोसियों ने जब उसे इस भयानक हालत में देखा, तो तुरंत आसपास के लोगों को इकट्ठाकर उसे अस्पताल पहुंचाया। हालांकि, गहरे घावों और अत्यधिक खून बह जाने के कारण इलाज के दौरान डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया।
घटना की सूचना मिलते ही काशीमीरा पुलिस मौके पर पहुंची और तफ्तीश शुरू की। पुलिस की शुरुआती जांच में बड़े भाई की इस साजिश में कोई भूमिका सामने नहीं आई है। पिछले दो दिनों में दोनों भाइयों के बीच कोई फोन कॉल भी नहीं हुआ था। पुलिस ने बड़े भाई का बयान दर्ज कर हत्या का केस दर्ज कर लिया। पुलिस के मुताबिक, आरोपी के भागने के रास्तों का पता लगाने के लिए इलाके में लगे सीसीटीवी (CCTV) कैमरों की सघन जांच के बाद ये गिरफ्तारी संभव हो पाई।
आखिर क्या है पूरा मामला?
काशिमिरा इलाके में रहने वाली मृत महिला सिल्वर पार्क स्थित ‘चंद्रेश आर्केड’ नामक इमारत में कुछ समय से घरगुती का काम कर रही थी। बुधवार शाम जब वह काम कर रही थी, तभी घर के दरवाजे पर गंभीर रूप से घायल अवस्था में दिखाई दी। पड़ोस में रहने वाली एक महिला ने उसे देखा और आसपास के लोगों को बुलाकर महिला को इलाज के लिए एक निजी अस्पताल में भर्ती कराया, लेकिन तब तक उसकी मौत हो चुकी थी। महिला के गले, सीने और पेट पर चाकू से कई वार किए गए थे। बताया जा रहा है कि इस हमले में उसकी मौके पर ही मौत हो गई।
जांच के दौरान पुलिस के सामने चौंकाने वाली जानकारी आई कि आशीष पिछले कई दिनों से महिला से शारीरिक संबंध बनाने की मांग कर रहा था। महिला द्वारा बार-बार इनकार करने के बावजूद वह उसका लगातार उत्पीड़न करता रहा।
जनवरी महीने में आरोपी ने महिला के बेटे को फोन कर धमकी भी दी थी। उसने कहा था, अगर तुम्हारी मां ने मेरे यहां काम करना बंद किया या मेरी मांग नहीं मानी, तो मैं उसे जान से मार दूंगा। इसके बाद महिला के बेटे ने आशीष से मिलने जाकर उसे मारने की कोशिश भी की थी। हालांकि, आशीष के बड़े भाई ने महिला को समझाते हुए कहा कि आशीष अब उस फ्लैट में नहीं रहता। इस पर भरोसा कर महिला ने दोबारा वहां काम पर जाना शुरू कर दिया। लेकिन जैसे ही महिला के काम पर आने की जानकारी मिली आरोपी फ्लैट में पहुंचा और मौका पाकर बेरहमी से उसकी हत्या कर दी।
