Sanjeev Jaiswal
नेटवर्क महानगर/मुंबई
महाराष्ट्र गृहनिर्माण क्षेत्र विकास प्राधिकरण (म्हाडा) मुंबई बोर्ड के घरों की लॉटरी का इंतजार करने वालों के लिए खुशखबरी है। मुंबई बोर्ड के 2640 घरों की लॉटरी के लिए ऑनलाइन रजिस्ट्रेशन की प्रक्रिया सोमवार, दोपहर 3 बजे से शुरू हो रही है। 15 मई को सुबह 11बजे घरों की लॉटरी जारी होगी। म्हाडा उपाध्यक्ष संजीव जायसवाल द्वारा सोमवार दोपहर 3 बजे ऑनलाइन रजिस्ट्रेशन की प्रक्रिया को गो लाइव किया जाएगा। संजीव जायसवाल के एक बटन दबाने के बाद से 2640 घरों को लेने की रेस शुरू हो जाएगी।
आवेदक 29 अप्रैल रात 11:59 बजे तक म्हाडा की वेबसाइट housing.mhada.gov.in से रजिस्ट्रेशन कर सकते हैं। 30 अप्रैल की रात 11:59 बजे तक आवेदक डिपॉजिट जमा कर दावेदारी पक्की कर सकते हैं।
जानें- लॉटरी में कहां-कहां है घर?
विक्रोली के कन्नमवार नगर, गोरेगांव पत्राचाल सिद्धार्थ नगर, मागाठाणे- बोरीवली, गोराई-बोरीवली, सुभाष नगर-चेंबूर, गांधीनगर बांद्रा, पंतनगर घाटकोपर, गिरगांव, वडाला, कोपरी पवई, मझगांव, तुंगा पवई, लोकमान्य नगर दादर, पहाडी गोरेगाव, एंटॉपहिल, वडाला के घरों को शामिल किया गया है। आवेदक म्हाडा की वेबसाइट से जानकारी ले सकते हैं।
किस श्रेणी में कितने घर?
अत्यल्प आय वर्ग के 145 घर, अल्प आय वर्ग के 858 घर, मध्यम वर्ग के 1408 घर और उच्च वर्ग के 229 घरों को लॉटरी में शामिल किया गया है। मुंबई बोर्ड के तैयार किए जा रहे प्रॉजेक्ट के 1762 घर, 33(5) रीडिवेलपमेंट प्रॉजेक्ट के तहत म्हाडा को प्राप्त हुए 371 घर, 33/ 7 योजना के तहत मिले 1S8 घरों को भी लॉटरी में शामिल किया गया है। पिछली बार न बिके 319 घरों को फिर से लॉटरी में शामिल किया गया है।
घर आवेदन के लिए लगेंगे ये दस्तावेज?
म्हाडा की लॉटरी प्रक्रिया में भाग लेने के लिए आवेदक को आधार कार्ड, पैन कार्ड, आधार कार्ड से लिंक मोबाइल नंबर, ई-मेल आईडी, डोमिसाइल सर्टिफिकेट और आईटी रिटर्न की जरूरत होगी। म्हाडा की लॉटरी प्रक्रिया पूरी तरह से ऑनलाइन है। आवेदक इस बात का विशेष ध्यान रखें कि लॉटरी के लिए म्हाडा की तरफ से किसी भी एजेंट या प्रतिनिधि की नियुक्ति नहीं की गई है।
