नेटवर्क महानगर/वाराणसी
कमिश्नरेट वाराणसी में डीसीपी (अपराध/गोमती जोन) रहे आकाश पटेल को उनके स्थानांतरण पर सम्मानपूर्वक विदाई दी गई। अब उन्हें चंदौली में पुलिस अधीक्षक (एसपी) की नई जिम्मेदारी सौंपी गई है। इस मौके पर उनके उज्ज्वल भविष्य और नई जिम्मेदारी के सफल निर्वहन की कामना की गई।
इस अवसर पर वाराणसी पुलिस आयुक्त मोहित अग्रवाल ने कैम्प कार्यालय में आयोजित विदाई समारोह में आकाश पटेल को स्मृति चिन्ह और पुष्पगुच्छ देकर सम्मानित करते हुए उनके कार्यकाल की सराहना की। पुलिस आयुक्त ने कहा कि आकाश पटेल ने अपने सेवाकाल में कर्तव्यनिष्ठा, अनुशासन और उत्कृष्ट नेतृत्व का परिचय दिया तथा अपराध नियंत्रण में महत्वपूर्ण योगदान दिया। उनकी कार्यशैली अन्य अधिकारियों के लिए हमेशा प्रेरणास्रोत रहेगी। इस दौरान सहकर्मियों ने उनकी मेहनत, सादगी और निष्ठा की प्रशंसा की, जिससे वातावरण भावुक हो गया।

परंपरा के अनुसार दी गई विदाई!
विदाई के दौरान कमिश्नरेट की परंपरा निभाते हुए फूल मालाओं से लदी आकाश पटेल की कार को खुद पुलिस आयुक्त और अन्य पुलिस अधिकारियों ने धक्का देकर उन्हें विदा किया। यह भावुक पल वहां मौजूद सभी अधिकारियों और कर्मचारियों के लिए यादगार बन गया। इस अवसर पर शिवहरी मीणा, गौरव बंशवाल और प्रमोद कुमार सहित कमिश्नरेट के कई वरिष्ठ अधिकारी मौजूद थे।
