नेटवर्क महानगर/बुलढाणा
महाराष्ट्र के बुलढाणा जिले के धाड इलाके से एक बेहद दर्दनाक और चौंकाने वाली घटना सामने आई है। यहां मां सहित चार बच्चों को जहर दिए जाने की आशंका है। इस घटना में तीन मासूम बच्चों की मौत हो गई है, जबकि मां और एक बच्चा अभी अस्पताल में जिंदगी की जंग लड़ रहे हैं। घटना के बाद पूरे इलाके में मातम पसरा है।
मृत बच्चों की पहचान मोहम्मद (4 वर्ष), मशिरा (7वर्ष)) और फातिमा (8 वर्ष) के रूप में हुई है। ये सभी भाई- बहन थे, जिनकी इलाज के दौरान मौत हो गई। वहीं, उनकी मां अफ़रीन (34 वर्ष) और छोटी बेटी अश्मिरा (3वर्ष) का बुलढाणा के अलग-अलग अस्पतालों में इलाज चल रहा है। एक ही परिवार के तीन बच्चों की मौत ने लोगों को झकझोर कर रख दिया है। हालांकि, पड़ोसियों और रिश्तेदारों का कहना है कि यह परिवार पहले पूरी तरह सामान्य था, लेकिन अचानक हुई इस घटना से खद सभी हैरान हैं। पूरे धाड गांव में शोक की लहर फैल गई है।
स्थानीय लोगों ने बताया कि रविवार से ही परिवार के सदस्यों को पेट दर्द, मतली और उल्टी की शिकायत हो रही थी। शुरुआत में इसे सामान्य बीमारी समझा गया, लेकिन धीरे-धीरे हालत बिगड़ती चली गई।
आखिर कैसे बिगड़ी हालत?
सोमवार सुबह हालत ज्यादा बिगड़ने लगी, तो सभी सदस्यों को तुरंत अस्पताल में भर्ती कराया गया। हालांकि, इलाज के दौरान सबसे पहले अली और मशिरा की मौत हो गई। मां अफ़रीन का निजी अस्पताल में इलाज चल रहा था, जबकि फातिमा और अश्मिरा का बच्चों के डॉक्टर के पास इलाज चल रहा था। डॉक्टरों की लाख कोशिशों के बावजूद शाम करीब पौने आठ बजे फातिमा ने भी अस्पताल में ही दम तोड़ दिया। डॉक्टरों ने बताया कि फिलहाल छोटी बच्ची अश्मिरा की हालत स्थिर है। डॉक्टरों और प्रारंभिक जानकारी के अनुसार, खाने में जहर होने की आशंका जताई जा रही है। हालांकि, अभी तक इस मामले की पुष्टि नहीं हुई है। पुलिस ने मामला दर्ज कर लिया है और इस मामले की आगे की जांच कर रही है। लोगों के मन में ये सवाल उठ रहा है कि आखिर ऐसा हुआ कैसे? वहीं, पुलिस का कहना है कि जांच पूरी होने के बाद ही सच्चाई सामने आएगी।
