Jaunpur News
नेटवर्क महानगर/जौनपुर
जौनपुर जिले के मछलीशहर और पवारा थाना की संयुक्त पुलिस टीम ने शनिवार, (11 अप्रैल) की देर रात मुठभेड़ के दौरान दो शातिर अभियुक्तों को गिरफ्तार कर लिया। इस दौरान एक आरोपी के पैर में गोली लगने से वह घायल हो गया, जिसे इलाज के लिए अस्पताल भेजा गया है। पुलिस ने दोनों आरोपियों के कब्जे से 4 लाख 20 हजार रुपये नकद, एक तमंचा, एक जिंदा कारतूस, एक खोखा कारतूस (.315 बोर) तथा घटना में प्रयुक्त एक मोटरसाइकिल बरामद की है।
मामले की जानकारी देते हुए क्षेत्राधिकारी मछलीशहर प्रतिमा वर्मा ने बताया कि सात अप्रैल को तियरा गांव निवासी सुर्यमणि मिश्रा के साथ पांच लाख रुपये की उचक्कागिरी की घटना हुई थी। पीड़ित के अनुसार, वह मछलीशहर स्थित स्टेट बैंक ऑफ इंडिया से 5 लाख रुपये निकालकर घर जा रहे थे। रास्ते में मुस्तफाबाद स्थित यूनियन बैंक के पास वह चाय पीने के लिए रुके, तभी दो अज्ञात युवक उनकी मोटरसाइकिल की डिग्गी से रुपये उड़ा कर फरार हो गए थे।
क्षेत्राधिकारी ने बताया कि घटना के खुलासे के लिए पुलिस लगातार प्रयासरत थी। इसी क्रम में मछलीशहर और पवारा थाना पुलिस ने संयुक्त रूप से संदिग्धों की तलाश शुरू की। शनिवार देर रात पुलिस को सूचना मिली, जिसके आधार पर घेराबंदी की गई। इस दौरान आरोपियों ने भागने का प्रयास किया और पुलिस टीम पर फायरिंग कर दी। जवाबी कार्रवाई में पुलिस की गोली एक आरोपी के पैर में जा लगी, जिससे वह घायल होकर गिर पड़ा।
पुलिस ने मौके से सत्येंद्र कुमार दोबरे उर्फ सुमित नारायण (निवासी मिराय वाहरपुरा, थाना भरथरा, जनपद इटावा) को गिरफ्तार कर लिया। उसके पैर में गोली लगी है। वहीं, दूसरे आरोपी गुड्डू उर्फ इकरार (पुत्र रहीम बख्श, निवासी डिबियापुर शास्त्री नगर, थाना डिबियापुर, जिला औरैया) को भी मौके से दबोच लिया गया। गिरफ्तार दोनों अभियुक्तों का आपराधिक इतिहास खंगाला जा रहा है। साथ ही अन्य संभावित साथियों की तलाश भी जारी है। बरामद नकदी को पीड़ित से लूटी गई रकम का हिस्सा बताया जा रहा है। फिलहाल, पुलिस मामले में आवश्यक विधिक कार्रवाई में जुटी है।
