नेटवर्क महानगर/जौनपुर
शाहगंज व खेतासराय थानाें की संयुक्त पुलिस टीम ने शनिवार, (11 अप्रैल) को अंतर्जनपदीय जहरखुरान गिरोह के पिता-पुत्र सहित तीन सदस्यों को गिरफ्तार कर लिया। वहीं एक आरोपी भागने में सफल रहा। गिरफ्तार तीनों आरोपित आजमगढ़ जिले के हैं। पुलिस ने उनके पास से तमंचा, कारतूस, नशीला पाउडर व दो कार बरामद किया है। आरोपितों के विरुद्ध जौनपुर सहित विभिन्न जिलों में कई मुकदमे दर्ज हैं।
शाहगंज कोतवाली प्रभारी तेज बहादुर सिंह व खेतासराय थाना प्रभारी प्रदीप कुमार सिंह ने मिले सुराग पर संयुक्त टीम के साथ सुबह लगभग 9 बजे अयोध्या मार्ग स्थित चिरैया मोड़-बिलार मऊ रोड पर घेराबंदी कर संदिग्ध वाहनों व व्यक्तियों की चेकिंग शुरू की तभी कुछ ही देर में संदिग्ध अल्टो कार व स्विफ्ट डिजायर कार को पुलिस ने रुकने का संकेत दिया। दोनों कार रोककर उसमें से उतरे चार संदिग्ध भागने लगे। पुलिस टीम ने तीन को दौड़ाकर धरदबोचा। एक भागने में सफल हो गया।
एएसपी सिटी आयुष श्रीवास्तव के मुताबिक, गिरोह के तीन सदस्य आकाश, अंकित और हनुमान को गिरफ्तार किया गया है। इसमें हनुमान और अंकित पिता- पुत्र है। तीनों आजमगढ़ के रहने वाले हैं। गिरफ्तार आरोपितों में आजमगढ़ जिले के अहरौला थाना के शंभूपुर बलुअहवा निवासी हनुमान निषाद, उसका पुत्र अंकित निषाद व महराजगंज थाना के मनोगा का पूरा (त्रिपुरारपुर अयमा) निवासी आकाश उर्फ गुलशन यादव है। इनके पास से तमंचा, कारतूस, 198 ग्राम नशीला पाउडर व डिब्बी में नशीला टिकिया जहरखुरानी की घटनाओं में प्रयुक्त अल्टो कार लूट में मिले रकम की बिक्री से मिले रुपये से खरीदी गई स्विफ्ट डिजायर कार मिली।
एसपी सिटी के मुताबिक, यह गैंग जौनपुर, आजमगढ़, अम्बेडकरनगर, भदोही और सुल्तानपुर सहित कई जिलों में सक्रिय था। आरोपी रेलवे स्टेशन, बस स्टैंड और सड़क किनारे खड़े यात्रियों को शिकार बनाते थे। आरोपी लिफ्ट आदि सुविधा देने के बहाने अपनी कार में बैठा लेते थे और सफर के दौरान खाने-पीने की चीजों में नशीला पदार्थ मिलाकर यात्रियों को बेहोश कर लूट लेते थे। पूछताछ में आरोपितों ने भी स्वीकार किया वे ट्रेन व बसों से उतरने वाले यात्रियों व रास्ते में वाहन की प्रतीक्षा कर रहे लोगों को सुविधा के बहाने अपनी कार में बैठा लेते हैं। रास्ते में धोखे से खाने-पीने की वस्तु में नशीला पाउडर या टिकिया देकर बेहोश कर सामान व नकदी लूटने के बाद रास्ते में उतारकर भाग जाते हैं।
