नेटवर्क महानगर/ठाणे
ठाणे जिले में सोमवार, (13 अप्रैल) को सुबह करीब 11.30 बजे कल्याण-अहिल्यानगर हाइवे पर एक भीषण सड़क हादसे में 11 लोगों की दर्दनाक मौत हो गई। यहां एक सीमेंट मिक्सर और इको वैन के बीच हुई टक्कर इतनी जोरदार थी कि इको कार के परखच्चे उड़ गए। इस हादसे में 11 लोगों की मौत हुई है, जबकि एक गंभीर रूप से घायल हुए शख्स का अस्पताल में इलाज चल रहा है। हादसा कल्याण-मुरबाड़ मार्ग पर रायते पुल के पास हुआ। हादसे के चलते रोड पर भारी ट्रैफिक जाम लग गया, जिसे खुलवाने के लिए पुलिस जुटी हुई है।
हादसे की सूचना मिलते ही टिटवाला पुलिस और राहत-बचाव दल मौके पर पहुंच गए हैं। घायलों को तुरंत नजदीकी अस्पताल में भर्ती कराया जा रहा है और मृतकों की पहचान की प्रक्रिया जारी है।
बताया जा रहा है कि हादसा इतना भयंकर था कि टैक्सी में सवार सभी लोगों की मौके पर ही मौत हो गई। सभी शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। मौके पर पहुंचते ही पुलिस और स्थानीय लोगों ने मिलकर राहत और बचाव कार्य शुरू कर दिया। इस घटना के बाद इलाके में अफरा-तफरी मच गई है।
शुरुआती जानकारी के मुताबिक, ईको कार कल्याण से मुरबाड की ओर जा रही थी। पांच सीटों वाली इस कार में कुल 12 यात्री सवार थे। कार तेज गति से मुरबाड की ओर जा रही थी कि उसी समय रायते पुल पर विपरीत दिशा से आ रहे एक सीमेंट मिक्सर ट्रक से आमने-सामने टक्कर हो गई। टक्कर इतनी जोरदार थी कि पूरी वैन चकनाचूर हो गई। जिसके कारण यात्रियों को संभलने तक का मौका भी नहीं मिला। पुलिस और स्थानीय नागरिकों ने मिलकर कार में फंसे यात्रियों को बाहर निकालने की पूरी कोशिश की।
इस भीषण सड़क दुर्घटना में मरने वालों में 5 पुरुष और 3 महिलाएं शामिल हैं। हालांकि, इलाज के दौरान दम तोड़ने वाले तीन लोगों के बारे में अभी जानकारी नहीं मिल पाई है। साथ ही मृतकों की पहचान भी अभी तक नहीं हो पाई है। खबर लिखे जाने तक टिटवाला पुलिस उनकी पहचान करने में जुटी है।
CM फडणवीस ने शोक जताया
इस हादसे पर महाराष्ट्र के मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस ने दु:ख जताया है। उन्होंने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर पोस्ट में कहा कि कल्याण के पास नेशनल हाईवे 61 पर दो वाहनों की टक्कर से हुए भीषण हादसे में 11 लोगों की जान जाना बेहद दुखद है। मैं उन्हें अपनी भावभीनी श्रद्धांजलि अर्पित करता हूं। हम इन परिवारों के दुख में उनके साथ हैं। हम स्थानीय प्रशासन के संपर्क में हैं।
