नेटवर्क महानगर/चेन्नई
तमिलगा वेत्री कड़गम (टीवीके) के प्रमुख सी. जोसेफ विजय ने रविवार, (10 मई 2026) को तमिलनाडु के मुख्यमंत्री पद की शपथ ले ली। राज्यपाल राजेंद्र विश्वनाथ आर्लेकर ने उन्हें सीएम पद की शपथ दिलाई। विजय के शपथ ग्रहण के साथ ही द्रविड़ मुनेत्र कझगम (DMK) और अखिल भारतीय अन्ना द्रविड़ मुनेत्र कझगम (एआईएडीएमके) के लगभग छह दशकों का दबदबा खत्म हो गया।
जवाहरलाल नेहरू इंडोर स्टेडियम में आयोजित एक भव्य समारोह में विजय के अलावा एन. आनंद, आधव अर्जुन, केजी अरुण राज, केए. सेंगोट्टैयन, पी.वेंकेटरामनन, आर. निर्मलकुमार, राजमोहन, डॉ.टीके प्रभु और सेल्वी एस. कीर्तना ने मंत्री पद की शपथ ली। शपथ ग्रहण समारोह में लोकसभा में विपक्ष के नेता राहुल गांधी समेत कई राष्ट्रीय और क्षेत्रीय नेता, फिल्मी हस्तियां, पार्टी कार्यकर्ता और हजारों समर्थक शामिल हुए। भारी सुरक्षा-व्यवस्था में शपथ ग्रहण समारोह संपन्न हुआ। सबसे आगे की लाइन में विजय के माता-पिता, जाने-माने फिल्ममेकर एस.ए. चंद्रशेखर और शोभा चंद्रशेखर के लिए सीटें रिजर्व थीं। एक्टर त्रिशा कृष्णन और उनकी मां को भी उसी लाइन में सीटें दी गईं थीं।
टीवीके के नेतृत्व वाले गठबंधन को 234 सदस्यों वाली तमिलनाडु असेंबली में 120 विधायकों का समर्थन मिलने के बाद विजय ने राज्यपाल से मिलकर दावा पेश किया। टीवीके ने हाल ही में हुए विधानसभा चुनावों में सबसे बड़ी पार्टी के तौर पर उभरी, लेकिन वह बहुमत से पीछे रह गई। कांग्रेस, कम्युनिस्ट पार्टी ऑफ इंडिया (सीपीआई) और कम्युनिस्ट पार्टी ऑफ इंडिया-मार्क्सिस्ट ने सरकार बनाने के लिए टीवीके का समर्थन किया। समर्थन मिलने के बाद विजय ने शनिवार रात चेन्नई के लोक भवन में गवर्नर आर्लेकर से मुलाकात की थी और सभी पांच सहयोगी पार्टियों के समर्थन पत्र सौंपे। नए मुख्यमंत्री विजय को 13 मई या उससे पहले विधानसभा में विश्वास मत हासिल करने का भी निर्देश दिया है। विजय का शपथ ग्रहण तमिलनाडु की राजनीति में बड़ा बदलाव है, क्योंकि 1967 के बाद पहली बार राज्य में कोई गैर द्रविड़ पार्टी सत्ता में आई है।
तमिलनाडु में 200 यूनिट मुफ्त बिजली का ऐलान!
तमिलनाडु के मुख्यमंत्री सी. जोसेफ विजय ने शपथ लेने के तुरंत बाद अपनी सरकार के पहले बड़े फैसलों में से एक के तौर पर 200 यूनिट मुफ्त बिजली और ‘सिंगापेन’ स्पेशल टास्क फोर्स बनाने का ऐलान किया। शपथ ग्रहण समारोह के तुरंत बाद, विजय ने वरिष्ठ अधिकारियों और मंत्रियों की मौजूदगी में अहम सरकारी फाइलों पर दस्तखत किए, जो टीवीके सरकार के कल्याण और शासन के एजेंडे की शुरुआत का संकेत था।
विजय को राज्यपाल राजेंद्र विश्वनाथ अर्लेकर ने मुख्यमंत्री के तौर पर शपथ दिलाई। इस मौके पर स्टेडियम में जमा हजारों पार्टी कार्यकर्ताओं, समर्थकों और फिल्म प्रशंसकों ने जोरदार नारे लगाकर उनका स्वागत किया। उन्होंने सी. जोसेफ विजय के नाम पर पद और गोपनीयता की शपथ ली। टीवीके प्रमुख ने तब पद संभाला जब उनकी पार्टी हाल ही में हुए तमिलनाडु विधानसभा चुनावों में 234 सदस्यों वाले सदन में 108 सीटें जीतकर सबसे बड़ी पार्टी बनकर उभरी है।
हालांकि, पार्टी बहुमत के आंकड़े 118 से पीछे रह गई लेकिन कांग्रेस ने उसे समर्थन दिया। सीपीआई, सीपीआई (एम), वीसीके, और इंडियन यूनियन मुस्लिम लीग (आईएमयूएल) ने भी इस गठबंधन का समर्थन किया, जिससे इसकी ताकत बढ़कर 120 विधायकों तक पहुंच गई। शपथ ग्रहण समारोह में सुरक्षा के कड़े इंतजाम किए गए थे। स्टेडियम के अंदर सिर्फ करीब 6,000 मेहमानों को ही वीआईपी पास के जरिए जाने की इजाजत थी। चेन्नई के पुलिस कमिश्नर की देखरेख में सुरक्षा के इंतजाम किए थे, जिसमें पांच अतिरिक्त कमिश्नर और 12 संयुक्त कमिश्नर सुरक्षा-व्यवस्था की निगरानी कर रहे थे।
