varanasi crime news
नेटवर्क महानगर/वाराणसी
मंडुवाडीह थाना पुलिस और सर्विलांस सेल की टीम को अपराध एवं अपराधियों के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान में एक बड़ी कामयाबी हाथ लगी है। पुलिस ने मडौली नई बस्ती इलाके में एक बंद मकान का ताला तोड़कर बेटी की शादी के लिए रखे गहने और नकदी उड़ाने वाले दो बेहद शातिर चोरों को गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस ने उनके पास से चोरी गए शत-प्रतिशत माल की बरामदगी करने का दावा किया है।
डीसीपी वरुणा प्रमोद कुमार ने पुलिस टीम को दस हजार रुपए का नकद इनाम देने की घोषणा की है। डीसीपी ने बताया कि मंडुवाडीह पुलिस को मंगलवार, (9 जून) देर रात को मुखबिर से सटीक सूचना मिली। इस आधार पर पुलिस टीम ने मंडुवाडीह रेलवे स्टेशन के पार्किंग क्षेत्र के पास घेराबंदी कर प्रियांशु सोनकर उर्फ बाबू सोनकर (22 वर्ष, निवासी भगवानपुर, लंका) और सचिन राउत (27 वर्ष, निवासी नगवां, लंका) को दबोच लिया। इनके पास से चोरी की हुई करीब 37.350 ग्राम सोने के आभूषण, कुछ चांदी का सामान, नकदी और एक बैंक पासबुक बरामद की गई है। पकड़े गए दोनों आरोपी बेहद शातिर किस्म के अपराधी हैं। इसमें से एक आरोपी पर पहले से 13 मुकदमे और दूसरे पर 16 मुकदमे दर्ज हैं। ये दोनों लंका क्षेत्र के रहने वाले हैं और कम उम्र के हैं। पुलिस अब इन दोनों अपराधियों की हिस्ट्रीशीट खोलने की तैयारी कर रही है।
बेटी की शादी के लिए रखे थे गहने
मामले की जानकारी देते हुए डीसीपी ने बताया कि बीते 22 और 23 मई की रात मडौली नई बस्ती निवासी एक महिला के परिवार वाले किसी प्रयोजन से बाहर गए हुए थे। इसी सूने मकान को निशाना बनाकर चोरों ने ताला तोड़ा और लाखों के जेवरात व नकदी साफ कर दी थी। पीड़िता की तहरीर पर मंडुवाडीह थाने में मुकदमा दर्ज कर सर्विलांस और थाने की टीमें लगातार सीसीटीवी फुटेज खंगाल रही थीं। फुटेज एनालिसिस के आधार पर ही इन दोनों आरोपियों को चिन्हित कर गिरफ्तार किया गया। वादिनी द्वारा दर्ज कराए गए मुकदमे के अनुसार करीब 5 से 6 लाख रुपये मूल्य के सोने-चांदी के जेवर गए थे, जिसे पुलिस ने शत-प्रतिशत बरामद कर लिया है। बरामद सामानों में- दो सोने की चेन, दो अंगूठिया, दो मंगलसूत्र, दो जोड़ी झाला, तीन जोड़ी बालियां, तीन नथिया और चार नाक की पिन शामिल हैं।
गैंग का ‘टैटू कनेक्शन’
डीसीपी ने आगे बताया कि पूछताछ में आरोपियों के हाथों पर बने एक ही जैसे टैटू को लेकर आशंका है कि इन लोगों ने मिलकर एक गैंग बनाया हुआ है और पहचान के तौर पर एक ही प्रकार का टैटू बनवाया है। इस चोरी में दो अन्य आरोपी भी शामिल हैं जो फिलहाल फरार चल रहे हैं। उनकी गिरफ्तारी के बाद इस ‘टैटू गैंग’ के बारे में और भी महत्वपूर्ण जानकारियां सामने आ सकती है।
इस बड़ी कार्रवाई और रिकवरी को अंजाम देने में पुलिस उपनिरीक्षक चन्द्रशेखर यादव, रामकुमार पाण्डेय, परवेज खान सहित मंडुवाडीह थाना पुलिस और सर्विलांस सेल की टीम की मुख्य भूमिका रही।
