virar nalasopara news
नेटवर्क महानगर/विरार
विरार के नालासोपारा (पूर्व) बिलालपाड़ा इलाके में अवैध तरीके से चल रहे (बिना मान्यता) मेडिकल क्लिनिक के खिलाफ स्वास्थ्य विभाग ने सख्त कार्रवाई की है। पुलिस व स्वास्थ्य विभाग की टीम ने तुलसी नगर में ‘सृष्टि फैमिली क्लिनिक’ के नाम से चल रहे एक कथित फर्जी क्लिनिक पर छापा मारा, जहां जरूरी दस्तावेज न मिलने पर संचालक डॉक्टर के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया गया है। यह क्लिनिक बिना पंजीकरण (रजिस्ट्रेशन) और वैध चिकित्सा डिग्री के संचालित किया जा रहा था।
स्वास्थ्य विभाग को शिकायत मिली थी कि उक्त क्लिनिक बिना वैध रजिस्ट्रेशन के मरीजों का इलाज कर रहा है। शिकायत के आधार पर विभाग की टीम ने क्लिनिक पर छापेमारी की। जांच के दौरान पाया गया कि ‘सृष्टि फैमिली क्लिनिक’ के संचालक डॉ. गुलाबचंद यादव के पास मेडिकल प्रैक्टिस के लिए आवश्यक प्रमाणपत्र और रजिस्ट्रेशन के पूरे दस्तावेज नहीं थे।
वसई-विरार महानगरपालिका के स्वास्थ्य अधिकारियों के अनुसार, बिना वैध पंजीकरण के चिकित्सा सेवाएं देना कानूनी अपराध की श्रेणी में आता है। इससे मरीजों के स्वास्थ्य और जान को गंभीर खतरा पैदा हो सकता है। अधिकारियों ने बताया कि नियमों के उल्लंघन को गंभीरता से लेते हुए क्लिनिक से दवाइयां और चिकित्सा उपकरण ज़ब्त कर डॉ. गुलाबचंद यादव के खिलाफ संबंधित धाराओं के तहत केस दर्ज कर लिया गया है।
आगे भी जांच अभियान जारी रहेगा
स्वास्थ्य विभाग ने स्पष्ट किया है कि इलाके में अवैध क्लिनिक और बिना डिग्री के इलाज करने वाले लोगों के खिलाफ यह अभियान भविष्य में भी जारी रहेगा। फिलहाल, पुलिस ने मामला दर्ज कर पूरे प्रकरण की विस्तृत जांच शुरू कर दी है। पुलिस के अनुसार, जांच पूरी होने के बाद आगे की कानूनी कार्रवाई अमल में लाई जाएगी। वहीं, स्थानीय नागरिकों ने स्वास्थ्य विभाग की इस कार्रवाई की सराहना की है।
