नेटवर्क महानगर/मुंबई
मुंबई के वर्सोवा इलाके में एक युवक ने कथित तौर पर एक बहुमंजिला इमारत की छत से कूदकर आत्महत्या कर ली। घटना के बाद पूरे इलाके में सनसनी फैल गई। सूचना मिलते ही वर्सोवा पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर जांच शुरू कर दी है।
मिली जानकारी के मुताबिक, मृतक की पहचान 28 वर्षीय पवन सुनील पाटील के रूप में हुई है। वह महाराष्ट्र के जलगांव जिले के नसीराबाद का निवासी था और व्यवसाय करता था। वह कुछ दिनों के लिए अपनी प्रेमिका के साथ मुंबई घूमने आया था। शुरुआती जांच में सामने आया कि वह पिछले कुछ समय से मानसिक तनाव में चल रहा था।
बताया जा रहा है कि 18 जून 2026 की सुबह करीब 7:50 बजे पवन पाटील अंधेरी पश्चिम स्थित वर्सोवा के म्हाडा क्षेत्र स्थित ”आकाशदीप” सोसायटी बिल्डिंग की छत पर पहुंचा। इसके बाद उसने कथित रूप से बिल्डिंग से छलांग लगा दी, जिसके बाद मौके पर ही उसकी मौत हो गई। घटना की जानकारी मिलते ही स्थानीय लोगों ने पुलिस को इसकी सूचना दी। सूचना पाकर वर्सोवा पुलिस की टीम तत्काल मौके पर पहुंची और घटनास्थल का निरीक्षण किया। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। घटना के संबंध में पुलिस ने बीएनएसएस की धारा 194 के तहत आकस्मिक मृत्यु का मामला दर्ज किया है।
पुलिस अधिकारियों का कहना है कि शुरुआती जांच में मामला आत्महत्या का प्रतीत हो रहा है, लेकिन सभी पहलुओं को ध्यान में रखते हुए जांच की जा रही है। मृतक के परिजनों और उसकी प्रेमिका से भी पूछताछ की जा रही है ताकि घटना के पीछे की वास्तविक वजह सामने आ सके।
पुलिस को घटनास्थल से किसी प्रकार का सुसाइड नोट मिलने की जानकारी नहीं है। जांच पूरी होने के बाद ही यह स्पष्ट हो सकेगा कि युवक ने यह ख़ौफ़नाक कदम किन परिस्थितियों में उठाया। पुलिस का कहना है कि मामले की जांच जैसे-जैसे आगे बढ़ेगी आत्महत्या के सटीक कारणों का पता लगाया जा सकेगा। इस घटना के बाद मृतक के परिवार में कोहराम मच गया है।
