नेटवर्क महानगर/कोल्हापुर
केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने शनिवार, (20 जून) को कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के 12 साल का कार्यकाल सिर्फ एक शुरुआत है और आने वाले कई वर्षों तक देश में बीजेपी और एनडीए का शासन रहेगा। शाह ने यह बात महाराष्ट्र के कोल्हापुर और इचलकरंजी में आयोजित जनसभाओं और विभिन्न विकास कार्यक्रमों के दौरान कही।

कोल्हापुर में देवी अंबाबाई मंदिर गलियारा परियोजना की शुरुआत करने के बाद एक सभा को संबोधित करते हुए गृह मंत्री अमित शाह ने कहा कि जब स्वतंत्र भारत का इतिहास लिखा जाएगा तो पीएम मोदी के 12 वर्ष के कार्यकाल का अध्याय एक पुनरुत्थानशील भारत के निर्माण और दुनियाभर में देश की प्रतिष्ठा बढ़ाने के लिए दर्ज किया जाएगा। इन 12 वर्षों के दौरान मोदी जी के नेतृत्व में सोमनाथ से लेकर गंगासागर तक और पूरे देश में,भारतीय जनता पार्टी तथा एनडीए का शासन फैलाने का कार्य हुआ है।
केंद्रीय गृह मंत्री शाह ने आगे कहा कि मोदी के 12 वर्षों का कार्यकाल केवल एक शुरुआत है। आने वाले कई वर्षों तक भारतीय जनता पार्टी और एनडीए का शासन रहेगा। मोदी सरकार के कार्यकाल में ऐसे कई काम हुए जिन्हें पहले असंभव माना जाता था। उन्होंने अयोध्या में राम मंदिर निर्माण, काशी विश्वनाथ कॉरिडोर, केदारनाथ और बदरीनाथ धाम में विकास कार्य तथा सोमनाथ और कामाख्या मंदिरों से जुड़ी परियोजनाओं का उल्लेख किया। उन्होंने कहा कि देशभर में ‘विकास भी, विरासत भी’ के मंत्र के तहत सांस्कृतिक पुनर्जागरण हो रहा है।
शाह ने कोल्हापुर स्थित अंबाबाई मंदिर गलियारे को धार्मिक और सांस्कृतिक विरासत के संरक्षण की दिशा में महत्वपूर्ण कदम बताया। यह परियोजना लगभग 500 करोड़ रुपये की लागत से 28,058 वर्ग मीटर क्षेत्र में विकसित की जाएगी। सातवीं शताब्दी के इस ऐतिहासिक मंदिर को आधुनिक तीर्थस्थल के रूप में विकसित किया जाएगा, जिसमें AI आधारित सुरक्षा व्यवस्था, एलईडी लाइटिंग, विरासत दीर्घाएं, लाइट एंड साउंड शो, बहुउद्देश्यीय सभागार और अन्य सुविधाएं शामिल होंगी। इसके साथ ही महालक्ष्मी मंदिर और आसपास के 41 मंदिरों के संरक्षण का कार्य पुरातत्व विभाग के परामर्श से किया जाएगा।
घुसपैठियों को गृह मंत्री की चेतावनी
केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने कोल्हापुर में घुसपैठियों को देश से बाहर निकालने का संकल्प दोहराया। उन्होंने कहा कि देशभर से एक-एक घुसपैठियों को चुन-चुनकर बाहर निकालेंगे। उन्होंने कहा कि उद्धव जी कांग्रेस की गोद में बैठे हैं। घुसपैठियों को वोटबैंक बनाकर जीना चाहते हैं। कान खोलकर सुन लो, यह कोई धर्मशाला नहीं है, यहां वही रहेगा, जो इस देश में जन्मा है। शाह ने कहा कि एकनाथ शिंदे ही असली ”शिवसेना” हैं, कोई गुट नहीं। उन्होंने कहा कि हमें शिवसेना को एकनाथ शिंदे के नाम पर (शिंदे गुट) कहना पड़ता था। अब, कोई गुट नहीं है, सिर्फ एक ‘शिवसेना’ है।
शाह ने कहा कि मैं आज विश्वास के साथ कोल्हापुर की धरती से कह कर जाता हूं कि बंगाल की जनता ने आशीर्वाद दिया है। बंगाल की सीमाओं से घुसपैठ बंद हो जाएगी। भारत की सुरक्षा की सुनिश्चितता नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में की जाएगी। उन्होंने कहा कि लोग कहा करते थे कि आप देश के हर हिस्से तक पहुंच जाएंगे, लेकिन पश्चिम बंगाल का क्या होगा? किंतु पिछले चुनाव में पश्चिम बंगाल की जनता ने भी भारतीय जनता पार्टी को अपना आशीर्वाद और समर्थन प्रदान किया है।
पूरे देश में हो रहा सांस्कृतिक पुनर्जागरण
अमित शाह ने कहा कि हम सब बहुत छोटे थे, राम जन्मभूमि के आंदोलन में नगर में निकलते थे, कई अनुभवी नागरिक कहते थे कि हमारे और आपके जीवन में मंदिर नहीं बनेगा। हमें भी कई बार लगता था कि जीते जी मंदिर देख पाएंगे या नहीं देख पाएंगे? प्रभु राम की कृपा से 2014 में भाजपा सरकार बनी, मोदी प्रधानमंत्री बने और अयोध्या में भव्य राम मंदिर आज अपनी भगवा ध्वजा के साथ खड़ा हुआ है। काशी विश्वनाथ कॉरिडोर, केदारनाथ और बद्रीनाथ धाम का पुनर्निर्माण और सोमनाथ का मंदिर फिर से सोने का बन रहा है, मां कामख्या का कॉरिडोर बन रहा है और अब मां अंबाबाई का कॉरिडोर बनाने का काम भी शुरू हो गया है। पूरे देश में संस्कृति का पुनर्जागरण, ‘विकास भी-विरासत भी’, के मंत्र के तहत हो रहा है। इससे पहले शाह ने कोल्हापुर के पवित्र शक्तिपीठ श्री अंबाबाई महालक्ष्मी मंदिर में दर्शन और पूजा-अर्चना की।
सेना का आधुनिकीकरण हुआ, देश में बनाई जा रही मिसाइलें!
गृह मंत्री शाह ने चंद्रयान-3 मिशन का जिक्र करते हुए कहा कि भारत ने चंद्रमा के दक्षिणी ध्रुव पर ‘शिव शक्ति बिंदु’ स्थापित कर ऐतिहासिक उपलब्धि हासिल की। उन्होंने कहा कि पिछले 12 वर्षों में देश की सुरक्षा व्यवस्था मजबूत हुई है। उरी, पुलवामा और पहलगाम हमलों के बाद ‘सर्जिकल स्ट्राइक’ और ‘ऑपरेशन सिंदूर’ का जिक्र करते हुए गृह मंत्री ने कहा कि सेना का आधुनिकीकरण हुआ है और अब देश में मिसाइलों का निर्माण भी हो रहा है।
शाह ने कांग्रेस पर आरोप लगाते हुए कहा कि 2004 से 2014 के बीच कांग्रेस ने 60,000 करोड़ रुपये के कृषि ऋण माफ किए थे, जबकि मोदी सरकार ने 22 किस्तों के जरिए किसानों के खातों में कुल 4,28,000 करोड़ रुपये ट्रांसफर किए हैं। इसके अलावा 46,000 करोड़ रुपये के करों में राहत भी दी गई है।
PM मोदी के कार्यकाल में भारत ने कई क्षेत्रों में प्रगति की
कार्यक्रम में सीएम देवेंद्र फडणवीस और उपमुख्यमंत्री एकनाथ शिंदे की मौजूदगी में शाह ने कहा कि सहकारी चीनी मिलों के लिए 1500 करोड़ रुपये की नई परियोजना कोल्हापुर में स्थापित की जाएगी, जिससे एथेनॉल इकाइयों में समस्या न होने वाली मिलों को प्रसंस्करण में मदद मिलेगी और लाभ उन्हीं को वापस मिलेगा। शाह ने प्रधानमंत्री मोदी को देश का सबसे लंबे समय तक निर्वाचित प्रधानमंत्री बनने पर बधाई दी और कहा कि उनके कार्यकाल में भारत ने कई क्षेत्रों में प्रगति की है जिनमें बुनियादी ढांचा, विनिर्माण, सेमीकंडक्टर, क्वांटम इंजीनियरिंग, सॉफ्टवेयर और अंतरिक्ष तकनीक शामिल हैं।
