नेटवर्क महानगर/भदोही
जिले के थाना सुरियावां क्षेत्र अंतर्गत दानूपुर स्थित निभिहाइया तालाब में गुरुवार, (9 जुलाई 2026) की शाम एक युवक का शव मिलने से पूरे इलाके में सनसनी फैल गई। मृतक की पहचान धीरज शुक्ला उर्फ (बब्बू) निवासी सदोपुर, थाना सुरियावां के रूप में हुई है।
परिजनों के मुताबिक, धीरज शुक्ला उर्फ बब्बू (40) करीब दो दिन पहले रात लगभग 10 बजे घर से निकले थे, जिसके बाद वह वापस नहीं लौटे। परिजनों ने उनकी काफी खोजबीन की, लेकिन उनका कोई पता नहीं चल सका।
क्या है पूरा मामला?
गुरुवार, (9 जुलाई) की शाम करीब 6:30 बजे दानूपुर स्थित बेलवरिया निभिहाइया में एक शव पड़े होने की सूचना पुलिस को मिली। सूचना मिलते ही सुरियावां थाना पुलिस मौके पर पहुंची। देखते ही देखते तालाब के आसपास ग्रामीणों की भारी भीड़ जुट गई। मौके पर पहुंचे परिजनों ने शव की पहचान धीरज शुक्ला उर्फ बब्बू के रूप में की। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है।
युवक की असामयिक मौत से धीरज की पत्नी संगीता और परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। घटना के बाद सदोपुर और दानूपुर सहित आसपास के क्षेत्रों में शोक की लहर व्याप्त है। परिजनों का कहना है कि उनकी असामयिक मृत्यु से पत्नी, बच्चों और अन्य परिजनों का सहारा छिन गया है। फिलहाल, इस मामले में पुलिस ने एक आरोपी को गिरफ्तार किया है और मामले की गहन जांच का आश्वासन दिया है। वहीं, बेलवरिया सम्राट विकास शुक्ला ने बताया कि दो दिन बीत जाने के बाद अभी तक पोस्टमार्टम रिपोर्ट नहीं मिला है।
