नेटवर्क महानगर/ठाणे
ठाणे जिले के भिवंडी में एक इमारत अचानक भरभराकर ढह गई. इमारत के गिरते ही चारों तरफ चीख-पुकार मच गई. मलबे में कई लोगों के दबे होने की आशंका है. इस हादसे में मरने वालों की संख्या 9 पहुंच गई है. मृतकों के परिजनों का रो-रो कर बुरा हाल है.
नेशनल डिजास्टर रिस्पॉन्स फोर्स (NDRF) ने लगातार बचाव अभियान में लगा हुआ है और अन्य लोगों का पता लगा रहा है, जिनके फंसे होने की आशंका है. बचाव दल जीवित बचे लोगों की तलाश कर रहा है. मौके पर एम्बुलेंस और एक जेसीबी मशीन भी तैनात की गई है.

एनडीआरएफ ने बताया है कि अभी तक पीड़ितों के 9 शव निकाले जा चुके हैं. बचाव अभियान अभी भी जारी है. बचाव अभियान के दौरान एक असिस्टेंट कमांडेंट भी घायल हो गए. भिवंडी इमारत दुर्घटना में शुक्रवार सुबह तक सात लोगों के शव आईजीएम अस्पताल लाए गए, जिनमें से कुछ की पहचान हो गई है, लेकिन कुछ की नहीं हो पाई है. अधिकारियों के अनुसार, मृतकों के नाम शमीम शेख (32), रंजीत सिंह (45), मिराज रसूल शेख (34), संतोष कुमार पांडे (42), शमीम अंसारी (30) हैं. अन्य शवों की पहचान करने में पुलिस जुटी हुई है.
यह हादसा ‘कोहिनूर बिल्डिंग’ (ग्राउंड प्लस चार मंजिला) में गुरुवार रात 11:30 बजे के बीच हुआ है. यह इमारत भिवंडी के नारपोली इलाके में गंगाराम वाडी के बालाजी नगर में स्थित है. इस इमारत में कुल 48 कमरे थे, जिनमें से हर मंजिल पर 12 कमरे थे. ‘कोहिनूर बिल्डिंग’ के ‘बी विंग’ का एक हिस्सा अचानक ढह गया. ठाणे नगर निगम (TMC) के आपदा प्रबंधन सेल ने जानकारी दी कि इस इमारत को भिवंडी-निजामपुर नगर निगम ने खतरनाक घोषित कर दिया था, लेकिन इसके बावजूद कई परिवार इसमें रह रहे थे.
