नेटवर्क महानगर/वाराणसी
वाराणसी में ‘काशी सांसद प्रतियोगिता-2026’ के सफल आयोजन को लेकर गुरुवार, (30 जुलाई) को सर्किट हाउस में समन्वय बैठक आयोजित की गई। बैठक में विभिन्न प्रतियोगिताओं के आयोजन, तिथियों, प्रशासनिक तैयारियों और संगठनात्मक जिम्मेदारियों को अंतिम रूप दिया गया। साथ ही आयोजन को अधिक भव्य, सुव्यवस्थित और जनभागीदारी आधारित बनाने की रणनीति पर चर्चा हुई।
बैठक में भाजपा महानगर अध्यक्ष प्रदीप अग्रहरि ने कहा कि काशी की प्रतिभाओं को खेल, कला, संस्कृति, शिक्षा और अन्य क्षेत्रों में मंच उपलब्ध कराने के उद्देश्य से इस वर्ष प्रतियोगिताओं का दायरा और बढ़ाया गया है। महापौर अशोक तिवारी ने नगर निगम की ओर से हर संभव सहयोग का भरोसा दिलाया।गुजरात के पूर्व विधायक जगदीश पटेल, भाजपा जिलाध्यक्ष रामसकल पटेल, जिलाधिकारी सत्येंद्र कुमार और मुख्य विकास अधिकारी प्रखर कुमार सिंह ने भी आयोजन की तैयारियों और समन्वय पर अपने विचार रखे।

बैठक में बताया गया कि स्केचिंग, पेंटिंग एवं फोटोग्राफी प्रतियोगिता के लिए ऑनलाइन पंजीकरण की अंतिम तिथि 14 अगस्त है। अब तक हजारों प्रतिभागी पंजीकरण करा चुके हैं। ऑनलाइन चरण 3 से 14 अगस्त तक चलेगा, जबकि चयनित प्रतिभागियों का फाइनल 19 और 20 अगस्त को सिगरा स्टेडियम में होगा। इस बार खेलकूद प्रतियोगिता में 32 खेल, पांच आयु वर्ग और 400 से अधिक प्रतियोगिता स्थलों को शामिल किया गया है।
इसके अलावा अगस्त से दिसंबर तक काशी सांसद ज्ञान प्रतियोगिता (क्विज), सांस्कृतिक महोत्सव, खेलकूद प्रतियोगिता, बाल कवि सम्मेलन, पहली बार आयोजित होने वाली युवा संसद, रोजगार मेला और नई काशी सांसद संस्कृत प्रतियोगिता आयोजित की जाएगी। संस्कृत प्रतियोगिता में शास्त्रार्थ, आशुभाषण, श्लोक एवं मंत्रोच्चारण तथा गीता, रामचरितमानस और संस्कृत व्याकरण आधारित प्रश्नोत्तरी शामिल होगी। इस आयोजन को अधिक भव्य, सुव्यवस्थित और जनसहभागिता आधारित बनाने के लिए व्यापक रणनीति तैयार की गई।
