नेटवर्क महानगर/मुंबई
मुंबई के वडाला (पूर्व) में भक्ति पार्क मोनोरेल स्टेशन के पास मेट्रो से जुड़े निर्माण कार्य के दौरान लोहे का स्टेजिंग ढांचा अचानक गिरने से दो मजदूरों की मौत हो गई। दोनों मजदूर निर्माण स्थल पर काम कर रहे थे और ढांचा गिरने के बाद गंभीर रूप से घायल हो गए थे। मृतकों की पहचान नाहिज (33) और साकिम (37) के रूप में हुई है। इस मामले में वडाला टीटी (Wadala TT Police) पुलिस ने दोनों के साथ काम करने वाले 31 वर्षीय शफीकुल मुख्तार हुसैन की शिकायत पर मामला दर्ज किया है।
पुलिस के मुताबिक, हुसैन, नाहिज, साकिम और चार अन्य मजदूर भक्ति पार्क इलाके में रह रहे थे और निर्माणाधीन साइट पर काम करते थे। सभी मजदूर सब-कॉन्ट्रैक्टर तारिक-उल-इस्लाम (40) की निगरानी में सेंटरिंग का काम कर रहे थे। मजदूर अपनी शिफ्ट पूरी कर चुके थे और काम का सामान समेटकर वापस जाने की तैयारी कर रहे थे, इसी दौरान चार मजदूर लोहे के स्टेजिंग ढांचे से बनी सीढ़ी का इस्तेमाल कर नीचे उतर रहे थे। हुसैन सुरक्षा बेल्ट, हेलमेट और अन्य उपकरण इकट्ठा कर रहा था। इसी दौरान नाहिज और साकिम सीढ़ी से नीचे उतरने लगे, तभी लोहे का स्टेजिंग ढांचा अचानक भरभराकर गिर गया। दोनों मजदूर जमीन पर जा गिरे और गंभीर रूप से घायल हो गए। घटना के बाद हुसैन और अन्य मजदूरों ने दोनों को निजी वाहन से तत्काल सायन अस्पताल पहुंचाया। डॉक्टरों ने नाहिज को अस्पताल में भर्ती करने से पहले ही मृत घोषित कर दिया, जबकि साकिम को गंभीर हालत में आईसीयू में भर्ती किया गया, लेकिन इलाज के दौरान उसकी भी मौत हो गई। पुलिस ने शुरुआत में घटना को आकस्मिक मौत के रूप में दर्ज किया था। बाद में जांच के आधार पर पुलिस ने स्टॉल संचालक कमल शेट्टी के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धारा 106(1) और 125(b) के तहत मामला दर्ज किया है। पुलिस अब हादसे की पूरी जानकारी इकट्ठा कर जांच में जुटी है।
