नेटवर्क महानगर/पालघर
पालघर जिले के विरार पश्चिम स्थित बोलिंज पुलिस थाना अंतर्गत पारिवारिक विवाद के दौरान कथित तौर पर ससुर द्वारा धक्का दिए जाने से 28 वर्षीय विवाहिता की मौत हो गई। पुलिस ने आरोपी ससुर के खिलाफ गैर-इरादतन हत्या का मामला दर्ज कर उसे हिरासत में ले लिया है।
पुलिस के अनुसार, यह घटना विरार पश्चिम के नारंगी गांव स्थित भगत आळी इलाके में 30 जुलाई 2026 को पारिवारिक विवाद के दौरान ससुर के धक्के से 28 वर्षीय बहू प्राची कल्पेश पाटिल की मौत की दर्दनाक घटना घटी। इस घटना के बाद से दो परिवारों में मातम छा गया है। एक तरफ महिला की मौत का गम और दूसरी तरफ आरोपी ससुर के जेल जाने का।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, प्राची का भाई विशाल पाटिल उन्हें मायके ले जाने के लिए ससुराल पहुंचा था। उस समय प्राची की आठ महीने की बेटी आरोपी ससुर गणपत सखाराम पाटिल (60) के कंधे पर बैठी थी। जब प्राची ने अपनी बेटी को लेने की कोशिश की, तो इसी बात को लेकर दोनों पक्षों के बीच विवाद हो गया। आरोप है कि विवाद के दौरान गणपत पाटिल ने बहू प्राची को जोर से धक्का दे दिया, जिससे वह फर्श पर गिरने के बाद बेहोश हो गईं और उसके सिर में गंभीर चोटें आई। परिजन उसे तत्काल अस्पताल लेकर पहुंचे, जहां डॉक्टरों ने उसे बचाने की पूरी कोशिश की परन्तु उपचार के दौरान उसकी मौत हो गई।
मृतका के भाई विशाल पाटिल की शिकायत पर बोलिंज पुलिस ने भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धारा 105 (गैर-इरादतन हत्या) और धारा 351(2) के तहत मामला दर्ज कर आरोपी ससुर को हिरासत में ले लिया है। मामले की जांच वरिष्ठ पुलिस निरीक्षक प्रकाश कावले के मार्गदर्शन में की जा रही है।पुलिस घटना के सभी पहलुओं की जांच में जुटी है। फिलहाल, इस दर्दनाक घटना ने इलाके में सनसनी फैला दी है और एक मामूली पारिवारिक विवाद के जानलेवा अंजाम ने सभी को झकझोर कर रख दिया है।
