अभिनय जायसवाल/वाराणसी
देवनगरी काशी में एक शर्मनाक हरकत करने वाले जनता के सेवक को पुलिस ने गिरफ्तार कर जेल भेज दिया है। यहां वाराणसी के चेतगंज थाना क्षेत्र अंतर्गत मध्यमेश्वर 50 वार्ड से लगातार तीन बार के समाजवादी पार्टी (सपा) पार्षद भैयालाल यादव की मुश्किलें बढ़ गई हैं। एक पीड़ित विधवा महिला की शिकायत पर पुलिस ने सपा पार्षद भैयालाल यादव के खिलाफ प्रताड़ना और मानसिक उत्पीड़न से संबंधित धाराओं में मामला दर्ज कर उसे गिरफ्तार कर लिया और कानूनी प्रक्रिया पूरी करने के बाद आरोपी पार्षद को जेल भेज दिया।
पीड़ित महिला ने चेतगंज पुलिस को दिए गए अपने शिकायती पत्र में आरोप लगाया है कि पार्षद भैयालाल यादव अक्सर उन्हें फोन कर बातचीत करने का अनुचित दबाव बनाते थे। जब महिला उनसे बात करने से मना करती तो पार्षद कथित तौर पर मानसिक दबाव बनाते हुए कहते थे कि यदि तुम मुझसे बात नहीं करोगी, तो मैं अपनी जान दे दूंगा। लगातार मिल रही इन धमकियों और उत्पीड़न से परेशान होकर आखिरकार महिला ने न्याय के लिए पुलिस का दरवाजा खटखटाया। पीड़िता ने पुलिस को बताया कि लगभग आठ वर्ष पूर्व उनके पिता की तबीयत काफी खराब थी। उस समय आर्थिक तंगी के दौरान पार्षद भैयालाल यादव ने परिवार की आर्थिक मदद की थी। इस सहायता के बाद अक्सर उनका महिला के घर आना-जाना शुरू हो गया। शुरुआती दिनों में उन्हें पार्षद की नीयत पर कोई शक नहीं हुआ, लेकिन समय बीतने के साथ-साथ पार्षद का रवैया बदलने लगा और वे लगातार जबरन संबंध व बातचीत का दबाव बनाने लगे।
पत्रकारों को मामले की जानकारी देते हुए चेतगंज थाना प्रभारी विजय कुमार शुक्ला ने बताया कि पीड़िता की तहरीर के आधार पर भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धारा 78(2) के तहत मुकदमा दर्ज कर मामले की जांच शुरू की गई थी और आरोपों के संबंध में पार्षद से भी पूछताछ की गई। सच्चाई सामने आने के बाद पुलिस ने उन्हें गिरफ्तार कर संबंधित धराओं में जेल भेज दिया है।
