नेटवर्क महानगर/मुंबई
मुंबई पुलिस ने एक हत्या के मामले में लगभग चार दशकों से फरार चल रहे 59 वर्षीय व्यक्ति को गिरफ्तार करने में कामयाबी पाई है।सुरेशचंद्र अदागले नाम के इस आरोपी को साकीनाका पुलिस ने लंबी खोजबीन और जांच के बाद 20 अगस्त 2026 को पुणे जिले की शिरूर तहसील के रंजनगांव से गिरफ्तार किया।
पुलिस के मुताबिक, अदागले को हत्या के मामले में पहली बार तब गिरफ्तार किया गया था जब वह सिर्फ़ 19 साल का था। बाद में अदालत ने उसे ज़मानत दे दी और आगे की कार्यवाही के लिए पेश होने की बात कही। हालांकि, आरोपी अदालत में पेश नहीं हुआ। बार-बार अनुपस्थित रहने के कारण अदालत ने उसके खिलाफ़ गैर-ज़मानती वारंट जारी किया। इसके बाद वह गायब हो गया और लगभग 40 वर्षों तक उसका कोई पता नहीं चला। साकीनाका पुलिस ने इतने वर्षों तक उसे खोजने की कोशिशें जारी रखीं। फरार आरोपियों का पता लगाने वाली पुलिस टीम ने हाल ही में इस मामले पर काम शुरू किया था तभी 20 अगस्त को साकीनाका पुलिस स्टेशन की फरार आरोपी खोज टीम के अधिकारियों और कर्मचारियों ने तकनीकी निगरानी और गुप्त सूत्रों से मिली जानकारी का इस्तेमाल करके आरोपी के ठिकाने का पता लगा लिया। जांच से पता चला कि अदागले पुणे जिले की शिरूर तहसील के रंजनगांव इलाके में अपनी पहचान छिपाकर रह रहा था ताकि पकड़ा न जाए।
इस जानकारी हाथ लगते ही साकीनाका पुलिस की एक टीम उस जगह पहुंची और उसके नए पते पर जाल बिछाया। इसके बाद पुलिस ने आरोपी को धरदबोचा। यह गिरफ्तारी ज़मानत पर रिहा होने के बाद अदालत में पेश न होने के लगभग चार दशक बाद हुई। पुलिस ने अदागले को हिरासत में ले लिया है और अदालत के आदेशों के अनुसार, आगे की कानूनी कार्रवाई कर रही है। अधिकारियों के अनुसार, यह गिरफ्तारी मुंबई पुलिस की उन फरार लोगों को खोजने की कोशिशों का हिस्सा है जिनके मामले लंबे समय से लंबित हैं, और इसमें वे आरोपी भी शामिल हैं जो कई दशकों से कानून की पकड़ से बाहर रहे हैं।
