नेटवर्क महानगर/मुंबई
मुंबई की दहिसर पुलिस ने एक बाइक चोर गैंग का पर्दाफाश किया है। लंबे समय से खड़ी बाइक्स पर नजर रखकर चोरी करने वाले 4 शातिर चोरों को दहिसर पुलिस ने गिरफ्तार किया है। मामला 20 अगस्त 2026 का है। दहिसर (पूर्व) के अशोकवन, देसाई चाल निवासी एक व्यक्ति ने अपनी हीरो होंडा सुपर स्प्लेंडर बाइक, जिसका नंबर MH 02 AZ 4549 है, रोड पर पार्क की थी। अगले दिन जब वह वापस लौटे तो बाइक गायब थी। पीड़ित की शिकायत पर दहिसर पुलिस थाने में अज्ञात चोर के खिलाफ गु.र.क्र. 1244/2026, BNS की धारा 303(2) के तहत मामला दर्ज किया गया था। मामले की गंभीरता को देखते हुए वरिष्ठ अधिकारियों के मार्गदर्शन में जांच शुरू गई। घटनास्थल और आसपास के CCTV फुटेज खंगाले गए। फुटेज में तीन युवक एक बाइक पर सवार होकर चोरी की बाइक को धक्का मारकर ले जाते हुए दिखाई दिए। इसी फुटेज के आधार पर पुलिस ने आरोपियों द्वारा इस्तेमाल की गई बाइक को ट्रेस किया, जिस पर एक विशेष रेडियम का निशान बना था। यह बाइक दहिसर के ही साईबाबा मंदिर रोड पर पार्क मिली। जांच आगे बढ़ी और पुलिस को सूचना मिली कि आरोपी आनंदनगर परिसर में मौजूद हैं। पुलिस ने तुरंत छापा मारकर तीनों को हिरासत में लिया।
पुलिस की पूछताछ में आरोपियों ने बताया कि वे कई दिनों से पार्किंग में खड़ी गाड़ियों पर नजर रखते थे और मौका मिलते ही चोरी कर लेते थे। चोरी की गाड़ियों को वे एक स्क्रैप डीलर को बेच देते थे, जो पूरी बाइक को खोलकर उसके पार्ट्स अलग-अलग कर भंगार में बेच देता था।पुलिस ने स्क्रैप डीलर के गोदाम पर भी छापा मारा और उसे भी गिरफ्तार कर लिया है। गोदाम से पुलिस ने कई मोटरसाइकिलें, 24 मोटरसाइकिलों की नंबर प्लेट्स, चेचीस, इंजन और अन्य स्पेयर पार्ट्स बरामद किए हैं। फिलहाल, चारों आरोपियों से आगे की पूछताछ जारी है और इस गैंग ने और कितनी वारदातों को अंजाम दिया है, इसका पता लगाया जा रहा है।
