नेटवर्क महानगर/मुंबई
मतदाता सूचियों में हेरफेर कर लोकतंत्र की हत्या करने वाले मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार के खिलाफ कांग्रेस पार्टी ने आक्रामक रुख अपनाया है। सोमवार, (28 सितंबर 2026) राज्यभर में जिला कलेक्टर कार्यालयों पर कांग्रेस पार्टी की ओर से मार्च निकालकर जोरदार विरोध-प्रदर्शन किया गया। अमरावती में ज्ञानेश कुमार के पुतले की गधे पर रखकर धिंड निकाली गई, जबकि ठाणे में ज्ञानेश कुमार के पुतले से प्रतीकात्मक उठक-बैठक करवाकर विरोध दर्ज कराया गया। पुणे, कोल्हापुर, सोलापुर, नासिक, नागपुर सहित राज्य के सभी जिलों में विरोध मार्च निकाले गए। इस दौरान जिलाधिकारियों को ज्ञापन सौंपकर ज्ञानेश कुमार को तत्काल सेवा से बर्खास्त कर गिरफ्तार करने की मांग की गई।
कोल्हापुर में विधान परिषद में कांग्रेस पार्टी के गुटनेता एवं पूर्व मंत्री विधायक सतेज उर्फ बंटी पाटील के नेतृत्व में, सोलापुर में कांग्रेस वर्किंग कमेटी की सदस्य सांसद प्रणिती शिंदे, अमरावती में कांग्रेस वर्किंग कमेटी की सदस्य एवं पूर्व मंत्री एड. यशोमती ठाकुर तथा सांसद बलवंत वानखड़े, छत्रपति संभाजीनगर में सांसद डॉ. कल्याण काले, चंद्रपुर में सांसद प्रतिभा धानोरकर, नांदेड में सांसद रविंद्र चव्हाण, लातूर में सांसद डॉ. शिवाजी काळगे और ठाणे में पूर्व सांसद कुमार केतकर की प्रमुख उपस्थिति में आंदोलन किया गया। इसके साथ ही पुणे, नासिक, बीड, लातूर, रत्नागिरी, सिंधुदुर्ग, रायगढ़, धाराशिव, यवतमाल, हिंगोली, जालना, परभणी, पालघर, नंदुरबार, भंडारा, अकोला सहित राज्य के सभी जिलों में मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार के खिलाफ एल्गार मार्च निकाला गया। इन आंदोलनों में पार्टी के वरिष्ठ नेता, पूर्व मंत्री, विधायक, सांसद, जिलाध्यक्षों के साथ ही युवक कांग्रेस और महिला कांग्रेस के पदाधिकारी तथा कार्यकर्ता बड़ी संख्या में उपस्थित रहे।
विपक्ष के नेता राहुल गांधी ने चुनाव आयोग के भ्रष्टाचारपूर्ण कामकाज का पर्दाफाश किया था। मतदाता सूचियों में घोटाले कर सत्तारूढ़ भाजपा को फायदा पहुंचाने के लिए काम किए जाने का आरोप उन्होंने लगाया था। राहुल गांधी ने सबूतों के साथ चुनाव आयोग के कामकाज की पोल खोली थी। इसके बाद दो चुनाव आयुक्तों ने ही लिखित आपत्तियां दर्ज कर ज्ञानेश कुमार के भ्रष्ट कामकाज को उजागर किया है। इससे राहुल गांधी द्वारा किए गए खुलासे की पुष्टि हुई है, ऐसा कांग्रेस का दावा है।

कांग्रेस ने आरोप लगाया है कि ज्ञानेश कुमार भाजपा सरकार के हाथों की कठपुतली बनकर मनमाना काम कर रहे हैं। ज्ञानेश कुमार के भ्रष्ट कामकाज के कारण चुनाव आयोग की विश्वसनीयता खतरे में पड़ गई है तथा लोकतंत्र और संविधान की अवहेलना की गई है। कांग्रेस ने दावा किया है कि एसआईआर के माध्यम से देशभर में 13 करोड़ मतदाताओं के नाम हटा दिए गए हैं। ज्ञानेश कुमार का पद पर बने रहना लोकतंत्र के लिए घातक है, ऐसा आरोप कांग्रेस पार्टी ने लगाया है। मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार को पद से हटाकर उनके खिलाफ कड़ी कार्रवाई नहीं किए जाने तक कांग्रेस का संघर्ष जारी रहेगा। इस आंदोलन को और तीव्र किया जाएगा, ऐसी चेतावनी भी कांग्रेस पार्टी ने इस दौरान दी।
