नेटवर्क महानगर/मुंबई
देश की आर्थिक राजधानी मुंबई की लाइफलाइन कही जाने वाली लोकल ट्रेनों में सफर करने वाली महिलाओं की सुरक्षा को लेकर एक बार फिर गंभीर सवाल खड़े हो रहे हैं। यहां 4 नवंबर को बोरीवली से विरार की तरफ जा रही लोकल ट्रेन में एक युवती के साथ घटी अमानवीय और खौफनाक घटना ने सबको झकझोर कर रख दिया है। मामला सिर्फ जॉब करने वाली एक युवती, भीड़ की वजह से दिव्यांग कोच में सफर कर रही थी तभी एक अधेड़ सिरफिरे व्यक्ति से उसकी बहस हो जाती है और मामला हाथापाई में बदल जाता है। युवती का आरोप है कि इसी का फायदा उठाते हुए अधेड़ व्यक्ति उसके साथ अश्लीलता और छेड़छाड़ (Molestation) करता रहा, जब उसने इसका विरोध किया तो उसने महिला को चलती ट्रेन से नीचे धकेल दिया, जिसके चलते महिला का बायां हाथ कट गया और उसे गंभीर हालत में अस्पताल में भर्ती कराना पड़ा।
मिली जानकारी के मुताबिक, पीड़ित महिला रोजाना की तरह लोकल ट्रेन से सफर कर रही थी। इस दौरान ट्रेन के दिव्यांग डिब्बे में सफ़र कर रही महिला को लेकर अज्ञात व्यक्ति हुए झगड़े में उसके साथ छेड़छाड़ की गई और उसे ट्रेन से धक्का दे दिया गया, जिससे उसका दाहिना हाथ कट गया और सिर में गंभीर चोट आई, कूपर अस्पताल में महिला का इलाज चल रहा है। अगले महीने उसकी शादी होने वाली थी, जिसे अनिश्चित काल के लिए टाल दी गई है। घटना 4 नवंबर 2026 को हुई और भायंदर गवर्नमेंट रेलवे पुलिस (GRP) ने इस मामले में CCTV फुटेज के जरिये 9 नवंबर को 53 वर्षीय आरोपी जितेंद्र हिरमुखे को गिरफ्तार कर उसे न्यायिक हिरासत में भेज दिया है। पुलिस आगे की जांच कर रही है। महिला ने आरोप लगाया है कि उस आदमी ने उसे गलत तरीके से छुआ और उसके मना करने के बावजूद उसके साथ छेड़छाड़ करता रहा, जिसे लेकर बहस शुरू हो गई और हाथापाई में बदल गई। सीसीटीवी के अनुसार पता चला है कि 4 नवंबर शाम करीब 7:08 बजे आरोपी ने उसे धकेला था। इस दौरान, आरोपी ठंडे दिमाग से वहां 3 मिनट तक बेंच पर बैठा रहा। कुछ लोगों ने उसे घेरकर सवाल-जवाब भी किया। उसके बाद वह शांति से आगे निकल गया।
पुलिस के मुताबिक, पीड़ित महिला मलाड से ट्रेन में चढ़ी और नायगांव की तरफ जा रही थी, तभी वह दिव्यांग लोगों के लिए रिज़र्व कोच में चढ़ गई। आरोपी ने कोच में उसकी मौजूदगी पर एतराज़ किया, जिसे लेकर दोनों में बहस शुरू हो गई, दोनों ने एक-दूसरे पर जूते-चप्पल फेंके, जिसके बाद आरोपी ने गुस्से में आकर उसे नायगांव में चलती ट्रेन से अचानक धक्का दे दिया और वह पटरी पर गिर गई, जिससे उसका दाहिना हाथ कट गया। घटना के तुरंत बाद स्थानीय लोगों और रेलवे पुलिस (GRP) की मदद से घायल महिला को नजदीकी सरकारी अस्पताल पहुंचाया गया, जहां डॉक्टरों ने उसकी जान बचाई। हालांकि, गंभीर चोटों और हाथ कटने के कारण उसे शरीर पर कई जगह गंभीर जख्म आए हैं और 16 से अधिक टांके लगाए गए हैं। सरकारी रेलवे पुलिस (GRP) और आरपीएफ (RPF) ने इस मामले में गंभीर धाराओं के तहत मुकदमा दर्ज कर लिया है। इस वीभत्स घटना के बाद से महिला यात्रियों की सुरक्षा को लेकर रेलवे प्रशासन और पुलिस की कार्यप्रणाली पर गंभीर सवाल उठने लगे हैं।
वहीं, कूपर अस्पताल में इलाज करा रही 20 वर्षीय सोफिया असलम खान ने बताया कि वो 4 नवंबर को अपनी मां से मिलने गोरेगांव गई थी। वह एक प्राइवेट फर्म में सुपरवाइजर के तौर पर काम करती है और अपने परिवार की अकेली कमाने वाली सदस्य है। उसने कहा कि मेरा एक हाथ बचा है और मेरे सिर पर 16 टांके लगे हैं। अब बहुत ज़्यादा संभावना है कि मैं कमाने का ज़रिया खो दूंगी। मैं आरोपी के खिलाफ सख्त कार्रवाई चाहती हूं। उनके 22 साल के मंगेतर ने कहा कि उन्होंने दिसंबर में होने वाली अपनी शादी को अनिश्चितकाल के लिए टालने का फैसला किया है। दोनों एक प्राइवेट फर्म में सुपरवाइजर के तौर पर काम करते हैं।
