नेटवर्क महानगर/मुंबई
देश को स्वतंत्रता मिलने के बाद पंडित जवाहरलाल नेहरू जैसे दूरदर्शी और वैज्ञानिक सोच वाले नेतृत्व का लाभ मिला। पंडित नेहरू को ‘फाउंडर ऑफ द नेशन’ कहा जाता है। हर प्रधानमंत्री की एक अलग पहचान है। लाल बहादुर शास्त्री को ‘मूर्ति छोटी, कीर्ति महान’ के रूप में जाना जाता है। इंदिरा गांधी को ‘आयरन लेडी’ कहा जाता है। राजीव गांधी को सूचना प्रौद्योगिकी के प्रणेता के रूप में जाना जाता है। अटल बिहारी वाजपेयी को सभ्य और सुसंस्कृत नेतृत्व के रूप में देखा जाता है। डॉ. मनमोहन सिंह ने देश की अर्थव्यवस्था को मजबूत किया, वन अधिकार कानून, सूचना का अधिकार कानून, खाद्य सुरक्षा कानून दिया, लेकिन मौजूदा प्रधानमंत्री की पहचान क्या है? ऐसा सवाल उठाते हुए कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष हर्षवर्धन सपकाळ ने कहा कि पंडित नेहरू जैसे प्रधानमंत्री भारत को मिले, यह गर्व की बात है और उसी मार्ग पर हम आगे भी चलते रहेंगे।
पंडित जवाहरलाल नेहरू की 137वीं जयंती के अवसर पर महाराष्ट्र प्रदेश कांग्रेस कमेटी की ओर से ‘भारत भाग्यविधाता’ नामक विशेष कार्यक्रम का आयोजन रोजगार व स्वरोजगार विभाग और सांस्कृतिक विभाग के संयुक्त तत्वावधान में तिलक भवन में किया गया। इस कार्यक्रम में प्रदेश अध्यक्ष हर्षवर्धन सपकाळ, शिवसेना सांसद संजय राउत, पूर्व सांसद कुमार केतकर, कांग्रेस के वरिष्ठ प्रवक्ता अतुल लोंढे, प्रदेश महासचिव धनंजय शिंदे, विश्वास उटगी, नाटक व फिल्म निर्देशक चंद्रकांत कुलकर्णी, सामाजिक कार्यकर्ता साइमन मार्टिन सहित कला, साहित्य, संस्कृति और सामाजिक क्षेत्र के कई गणमान्य व्यक्ति उपस्थित थे।
इस मौके पर हर्षवर्धन सपकाळ ने अपने संबोधन में कहा कि स्वतंत्रता आंदोलन के दौरान पंडित जवाहरलाल नेहरू 11 वर्ष जेल में रहे, इस दौरान उन्होंने विपुल साहित्य लेखन किया। ‘डिस्कवरी ऑफ इंडिया’, ‘ग्लिम्प्सेस ऑफ वर्ल्ड हिस्ट्री’ जैसी पुस्तकों का लेखन उन्होंने किया। नेहरू साहित्यकार थे, उन्होंने आत्मकथा भी लिखी। देश स्वतंत्र हुआ तब पंडित नेहरू ने देश को 196 करोड़ रुपये दान दिए। नेहरू ने राष्ट्र का निर्माण किया इसलिए उन्हें ‘फाउंडर ऑफ नेशन’ कहा जाता है। आज हमारे देश की जो प्रगति हुई है, उसकी नींव नेहरू ने रखी है। पंडित जवाहरलाल नेहरू के पास प्रचंड बहुमत था फिर भी वे मनमानी से नहीं चले, उनमें वैचारिक परिपक्वता थी। पंडित नेहरू ने कुल (काश्तकारी) कानून लाया, भूमि सुधार के कानून लाए, आम आदमी मालिक बने इसके लिए उन्होंने काम किया, ऐसा भी सपकाळ ने कहा।
वहीं, शिवसेना (यूबीटी) के सांसद संजय राउत ने कहा कि नरेंद्र मोदी और भारतीय जनता पार्टी ने पंडित जवाहरलाल नेहरू की कितनी भी छवि खराब करने की कोशिश की, फिर भी इस देश में अंत तक नेहरू ही रहेंगे। आज राष्ट्रीय एकता और व्यक्ति स्वतंत्रता के बारे में बात की जाती है, लेकिन पंडित नेहरू व्यक्ति स्वतंत्रता के सच्चे प्रणेता हैं। नेहरू पर आलोचना की गई तो भी वे सहन करते थे, उन पर आलोचना करने वालों के घर पर उन्होंने ईडी, सीबीआई के छापे नहीं डलवाए। व्यंग्यचित्रकार शंकर ने एक बार प्रधानमंत्री जवाहरलाल नेहरू को गधे के रूप में दिखाया था, लेकिन उन पर भी नेहरू ने कार्रवाई नहीं की। आज अगर प्रधानमंत्री का ऐसा कोई व्यंग्यचित्र बनाए तो उसकी नौकरी जाएगी, उस पर कार्रवाई होगी। जवाहरलाल नेहरू धर्मनिरपेक्ष नेता थे। नेहरू ने भाखड़ा-नांगल जैसे बड़े बांध बनवाए, आईआईटी संस्थाएं खड़ी कीं, परमाणु ऊर्जा केंद्र स्थापित किए। देश वैज्ञानिक मार्ग से आगे बढ़े, ऐसा नेहरू का प्रयास था। नेहरू विश्व के नेता थे, नेहरू ने खुद को कभी दैवीय अवतार नहीं माना। जो उनके विचार के नहीं थे, उन्हें भी नेहरू ने मंत्रिमंडल में स्थान दिया, ऐसा विचार आज कोई नहीं करता। जवाहरलाल नेहरू ने दुनिया को एक विचार दिया है। नेहरू जैसे व्यक्ति बहुत कम जन्म लेते हैं। ‘जियो और जीने दो’, यही नेहरू का मंत्र था और नेहरू के विचार से ही यह देश आगे बढ़ेगा।
पूर्व सांसद कुमार केतकर ने कहा कि पंडित जवाहरलाल नेहरू के वैश्विक दृष्टिकोण को फिर से आत्मसात करने की आवश्यकता है। आज दुनिया में युद्ध की स्थिति है, रूस-यूक्रेन युद्ध, ईरान युद्ध चल रहा है, इजरायल नरसंहार कर रहा है। पंडित नेहरू अगर आज होते तो उन्होंने इन युद्धों में मध्यस्थता करके शांति स्थापित की होती। नेहरू जब जेल में थे, तभी उन्होंने लोकतंत्र के बीज बोए थे। स्वतंत्रता मिलने के बाद देश में लोकतंत्र कैसे स्थापित किया जाए, यही विचार उन्होंने किया था। भारत स्वतंत्र होने के बाद सभी को मतदान का अधिकार होगा, ऐसा पंडित नेहरू ने 1947 में ही घोषित कर दिया था। अमेरिका में 1968 तक अश्वेत लोगों को मतदान का अधिकार नहीं था, तो इंग्लैंड में भी कई वर्षों तक महिलाओं को मतदान का अधिकार नहीं था। देश स्वतंत्र होने के बाद सभी को मतदान का अधिकार देने वाला भारत दुनिया का एकमात्र देश है। जवाहरलाल नेहरू का दृष्टिकोण वैश्विक था, उनके विचार को हमें अपनाना चाहिए। इस कार्यक्रम में विभिन्न क्षेत्रों के गणमान्य व्यक्तियों का सम्मान भी किया गया।
