नेटवर्क महानगर/मुंबई
सायन के प्रतीक्षा नगर स्थित अल्मेडा कम्पाउंड में भारतीय जनता पार्टी वार्ड क्रमांक 176 की नगरसेविका रेखा आर. के. यादव की ओर से लोक आस्था के महापर्व छठ पूजा का भव्य आयोजन किया गया था। इस अवसर पर स्थानिक नगरसेविका रेखा आर. के. यादव खुद भी विशेष रूप से उपस्थित रहीं।
कार्यक्रम में बड़ी संख्या में उत्तर भारतीय समाज की महिला और पुरूष श्रद्धालुओं ने छठी मैया की पूजा-अर्चना की। पूरे परिसर को आकर्षक रोशनी और फूलों से सजाया गया था। छठ व्रतधारी महिलाओं ने डूबते सूर्य को अर्घ्य देकर सुख-समृद्धि की कामना की। अंत में प्रसाद वितरण के साथ कार्यक्रम का समापन हुआ।
इस अवसर पर नगरसेविका रेखा आर. के. यादव ने सभी को छठ पूजा की शुभकामनाएं देते हुए कहा कि छठ पूजा केवल एक पर्व नहीं, बल्कि भारतीय संस्कृति, परंपरा और सामाजिक एकता का प्रतीक है। यह पर्व हमें सीधे प्रकृति और सूर्य उपासना से जोड़ता है। कार्यक्रम को सफल बनाने में बृहन्मुंबई महानगरपालिका एफ/उत्तर विभाग के अधिकारियों एवं वार्ड 176 के भाजपा पदाधिकारियों और कार्यकर्ताओं ने महत्वपूर्ण भूमिका निभाई।
