
पुणे, शहर के चंदननगर इलाके में दूसरे पुरुष से संबंध होने के संदेह में एक शख्स ने अपनी प्रेमिका को चाकू से गोद लिया। युवती काफी देर तक सड़क पर तड़पती रही। बाद में हॉस्पिटल में उसकी मौत हो गई। वारदात के बाद से आरोपी सॉफ्टवेयर इंजीनियर फरार है। घटना मंगलवार देर रात की है।
चंदननगर पुलिस के मुताबिक, मीना पटेल (23) एक कॉल सेंटर में काम करती थी। उसका आईटी इंजीनियर किरण अशोक शिंदे (25) के साथ कुछ महीनों से प्रेम संबंध थे। किरण को शक था कि मीना का उसके साथ काम करने वाले एक लड़के के साथ भी प्रेम संबंध हैं। इसी को लेकर पिछले एक महीने से दोनों के बीच विवाद भी चल रहा था।
पेट में तीन बार चाकू मारे, फिर फरार हुआ आरोपी
दोनों मंगलवार देर रात चंदननगर इलाके में मिले और किरण ने फिर एक बार मीना से झगड़ा शुरू कर दिया। मामला इस कदर बढ़ा कि उसने मीना के पेट में चाकू से तीन बार प्रहार किया। इसमें मीना बुरी तरह घायल हो गई और आरोपी उसे सड़क पर तड़पता छोड़ मौके से फरार हो गया। इसके बाद स्थानीय लोगों ने उसे पास के सरकारी हॉस्पिटल में भर्ती करवाया, जहां इलाज के दौरान उसने दम तोड़ दिया। चंदननगर पुलिस ने आरोपी के खिलाफ केस दर्ज कर लिया है।
