नेटवर्क महानगर/मुंबई
मुंबई के गोरेगांव पूर्व इलाके में एक होटल से जुड़ा चौंकाने वाला मामला सामने आया है। यहां एक कर्मचारी पर ग्राहकों को परोसी जाने वाली रोटियों पर थूक लगाने का आरोप लगा है। घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल होने के बाद इलाके में हड़कंप मच गया। पुलिस ने आरोपी कर्मचारी को हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू कर दी है, जबकि होटल मालिक के खिलाफ भी कार्रवाई की प्रक्रिया जारी है।
मामला संतोषनगर स्थित ‘फिश कोलीवाडा कॉर्नर होटल’ का है। शिकायतकर्ता दीपक दत्ताराम पवार (48) ने पुलिस को बताया कि 23 मई 2026 की रात वह खाना खाने के लिए इलाके में निकले थे। पहले वह एक दूसरे होटल में गए, लेकिन वहां अधिक भीड़ होने के कारण आगे बढ़कर ‘फिश कोलीवाडा’ होटल पहुंच गए।
शिकायतकर्ता पवार के मुताबिक, होटल के अंदर उन्होंने देखा कि रोटी बनाने वाला कर्मचारी कथित तौर पर हर रोटी पर थूक लगाकर उसे भट्टी में सेक रहा था। इस हरकत को देखकर उन्होंने कुछ देर तक वहां खड़े रहकर पूरे घटनाक्रम का वीडियो अपने मोबाइल फोन में रिकॉर्ड कर लिया। बाद में उन्होंने यह वीडियो इलाके के कुछ लोगों को दिखाया, जिसके बाद लोगों में भारी नाराजगी फैल गई। बताया जा रहा है कि 25 मई 2026 की रात स्थानीय लोगों ने पुलिस कंट्रोल रूम को इसकी सूचना दी। मौके पर पहुंची मुंबई पुलिस ने होटल में काम करने वाले आरोपी कर्मचारी को हिरासत में ले लिया। पूछताछ में उसकी पहचान 53 वर्षीय कौसर गफ्फार शेख के रूप में हुई, जो उत्तर प्रदेश के बलिया जिले का रहने वाला बताया जा रहा है। स्थानीय लोगों ने होटल मालिक फैय्याज अहमद शेख पर भी लापरवाही के आरोप लगाए हैं। लोगों का कहना है कि इस तरह की गतिविधियों से सार्वजनिक स्वास्थ्य को खतरा हो सकता है। फिलहाल, पुलिस मामले की जांच के साथ ही वायरल वीडियो की भी सत्यता की जांच कर रही है।
