नेटवर्क महानगर/मुंबई
राज्य के स्वास्थ्य विभाग ने सरकारी अस्पतालों में जीरो प्रिस्क्रिप्शन नीति पर अमल का फैसला किया है। विभाग के अधीन सभी सरकारी अस्पतालों में डॉक्टर किसी भी परिस्थिति में मरीजों को बाहर से दवाई खरीदने के लिए पर्ची (प्रिसिक्रिप्शन) नहीं लिख पाएंगे। सरकार ने 7 मई, 2013 के आदेश के आधार पर आवश्यक सूची में शामिल सभी दवाइयां मुफ्त उपलब्ध कराने के निर्देश दिए हैं। विभाग ने हिंदू हृदय सम्राट बालासाहेब ठाकरे शहरी व ग्रामीण लोककल्याण अभियान के तहत स्वास्थ्य संबंधित 13 विषयों को प्रमुख रूप से लागू करने के बारे में शासनादेश जारी किया है।
राज्य के सभी 1958 प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र और 10,788 उपकेंद्र में ठाकरे जन्मशताब्दी वर्ष के उपलक्ष्य में महाअभियान चलाया जाएगा। सभी प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्रों में मरीजों की 63 प्रकार की जांच और उप-केंद्रों में 14 प्रकार की जांच हो सकेगी। 30 साल से अधिक आयु वाली महिलाओं की ब्रेस्ट कैंसर, सर्वाइकल कैंसर, ओरल कैंसर समेत अन्य जांच की जाएगी।
महिलाओं के लिए मेनोपॉज क्लीनिक की शुरूवात
प्रदेश के जिन मनपा अस्पतालों, जिला अस्पतालों व उप-जिला अस्पतालों और चिह्नित ग्रामीण अस्पतालों में स्त्री रोक विशेषज्ञ सेवा उपलब्ध है, ऐसे सभी अस्पतालों में मेनोपॉज (रजोनिवृत्ति) क्लीनिक शुरू की जाएंगी। मेनोपॉज क्लीनिक में प्रत्येक बुधवार को ओपीडी में आनेवाली महिलाओं की जांच की जाएगी। मेनोपॉज के दौरान महिलाओं को कुछ दिक्कतें होती हैं। कई महिलाएं शारीरिक, मानसिक और हार्मोनल असंतुलन की अनदेखी करती हैं। इसीलिए सभी महिलाओं की नियमित मेनोपॉज जांच संबंधित सरकारी अस्पतालों में की जाएगी।
लाभार्थियों का औसत 40 प्रतिशत तक बढ़ाने का लक्ष्य
राज्य के सरकारी अस्पतालों में इलाज करानेवाले लाभार्थियों की संख्या 17 प्रतिशत से बढ़ाकर 40 प्रतिशत करने का लक्ष्य रखा गया है। महात्मा ज्योतिराव फुले जनस्वास्थ्य योजना और प्रधानमंत्री जन आरोग्य योजना का कार्ड बनाने-वितरित करने के निर्देश दिए गए हैं। राज्य के 9.74 करोड़ राशन कार्ड लाभार्थियों में से 3.94 करोड़ (40 प्रतिशत) लाभार्थियों के आयुष्मान कार्ड तैयार किए गए हैं। यह आंकड़ा बढ़ाकर 7.30 करोड़ (75 प्रतिशत) करने के निर्देश दिए गए हैं। स्वास्थ्य मंदिर होगा कार्यान्वित : राज्य की महानगर पालिका, नगर परिषद, नगर पंचायत और कैंटोनमेंट में राष्ट्रीय शहरी स्वास्थ्य अभियान के तहत 351 आयुष्मान स्वास्थ्य मंदिर, 26 जगहर पॉलीक्लिनिक और राज्य योजना के तहत 31 जगह हिंदू हृदय सम्राट बालासाहेब ठाकरे आपला दवाखाना शुरू किए जाएंगे। इसके अलावा राष्ट्रीय शहरी स्वास्थ्य अभियान के तहत चिकित्सा अधिकारी और कर्मचारी के 6,258 रिक्त पद और राज्य योजना के तहत ‘बालासाहेब ठाकरे आपला दवाखाना’ के लिए 565 रिक्त पद विशेष अभियान के तहत भरे जाएंगे।
