नेटवर्क महानगर/बिहार
पूर्णिया जिले के बैसा प्रखंड के मजगामा हाट में मां दुर्गा की मूर्ति के साथ तोड़फोड़ के बाद लोगों का गुस्सा भड़क उठा। निर्माणाधीन मूर्ति के तोड़फोड़ मामले में त्वरित कार्रवाई करते हुए पुलिस ने 12 लोगों को गिरफ्तार कर लिया है। गिरफ्तार आरोपियों में एक मूर्ति को खंडित करने वाला और 11 उपद्रव करने वाले शामिल हैं। मामले की नज़ाकत को भांपते हुए, गांव में धारा 144 लागू कर दी गई है और भारी पुलिस बल तैनात है। पूर्णिया डीएम अंशुल कुमार और एसपी स्वीटी सहरावत मौके पर कैंप कर स्थिति की निगरानी कर रहे हैं। वहीं, क्षतिग्रस्त मूर्ति को हटाकर नई मूर्ति स्थापित करने का कार्य किया जा रहा है।
घटना के दौरान उपद्रवियों ने तोड़फोड़ और आगजनी भी की, जिसमें एक दुकान को नुकसान पहुंचा। सूचना मिलते ही डीआईजी, डीएम, एसपी और कई थानों की पुलिस मौके पर पहुंची और कड़ी मशक्कत के बाद हालात को काबू में किया। भीड़ ने मूर्ति तोड़ने के आरोप में एक मुस्लिम युवक को पकड़ लिया और उसकी पिटाई कर दी। इसके बाद युवक के दोनों हाथ रस्सी से बांध दिए। जिसे पुलिस ने मौके पर पहुंचकर बचाया और हिरासत में लिया। इसी बीच पुलिस और ग्रामीणों के बीच झड़प भी हुई। पुलिस ने आक्रोशित लोगों को खदेड़ने के लिए की हवाई फायरिंग और लाठीचार्ज किया।
डीआईजी प्रमोद कुमार मंडल के मुताबिक, स्थिति को नियंत्रण में लाने के लिए पुलिस को चार राउंड फायरिंग करनी पड़ी। इस दौरान ओमप्रकाश नाम का एक युवक घायल हुआ है, जिसका इलाज जीएमसीएच पूर्णिया में चल रहा है। फिलहाल, कड़ी मशक्कत के बाद गांव में हालात नियंत्रण में है, लेकिन एहतियात के तौर पर पुलिस कैंप कर रही है।
