Prashant Kishor
नेटवर्क महानगर/सीवान
बिहार चुनाव की सरगर्मी के बीच ‘जन सुराज’ पार्टी के सूत्रधार प्रशांत किशोर ने महागठबंधन और NDA दोनों पर जोरदार हमला बोला है। सीवान में आयोजित एक प्रेस कांफ्रेंस के दौरान प्रशांत किशोर ने तेजस्वी यादव को सीएम उम्मीदवार बनाए जाने को ‘लालू के जंगलराज की वापसी’ बताया।
वहीं छठ पर ट्रेनों में हो रही भीड़ को लेकर भाजपा सरकार को भी जमकर घेरा। उन्होंने जनता से अपील की कि वे इस बार लालू के डर से भाजपा को और भाजपा के डर से लालू को वोट देने की गलती न करें।
पत्रकारों से बातचीत में पीके ने तेजस्वी यादव और मुकेश सहनी को उम्मीदवार बनाए जाने पर कहा कि जब सत्ता जाने लगती है तो आदमी कुछ भी कहने को तैयार हो जाता है। आप एक नहीं, पांच डिप्टी सीएम बना दीजिए, उससे क्या होगा? यह कोई नई घोषणा नहीं है, सबको पहले से मालूम है कि अगर लालू जी का जंगलराज लौटेगा तो उनका बेटा ही मुख्यमंत्री बनेगा। इसमें नई बात क्या है?
जीविका दीदियों को स्थायी करने और 30 हजार रुपये वेतन देने के वादे को भी आड़े हाथों लेते हुए पीके ने कहा, अब बस यही सुनना बाकी रह गया है कि तेजस्वी यादव 3 करोड़ नौकरी दे देंगे और सबको स्थायी कर देंगे। लेकिन कोई यह नहीं बता रहा है कि जब 18 साल उनके माता-पिता की सरकार थी, तो उन्होंने बिहार का क्या हाल किया था? यह बात बिहार की जनता भूली नहीं है। पीके ने कहा अब बस यही कहना बाकी रह गया है कि तेजस्वी यादव बिहार को सोने का लंका बना देंगे। लोग यह नहीं भूले हैं कि 18 साल जब आपके माता-पिता की सरकार थी, तो बिहार की क्या दुर्दशा हुई थी।
लोग जानवरों की तरह ट्रेनों में आ रहे हैं घर!
इसके साथ ही प्रशांत किशोर ने केंद्र की भाजपा सरकार पर भी तीखा हमला बोलते हुए कहा कि भाजपा के लोगों ने कहा कि छठ के लिए 2000 स्पेशल ट्रेनें चलेंगी। लेकिन आज गांव-गांव में लोग परेशान हैं। लोग जानवरों की तरह ट्रेनों में धक्का खाकर घर आ रहे हैं। जनता अब इस झांसे में नहीं आने वाली है।
पीके ने आगे कहा कि आज बिहार के करोड़ों बच्चे बाहर मजदूरी कर रहे हैं। ये लोग सबको नौकरी देने का वादा कर रहे हैं। बिहार की जनता अब इस झांसे में नहीं आने वाली। उन्होंने दावा किया कि पहले विकल्प की कमी के कारण लोग लालू के डर से भाजपा को और भाजपा के डर से लालू को वोट देते थे, लेकिन इस बार जन सुराज के रूप में एक ईमानदार और सशक्त विकल्प मौजूद है। उन्होंने विश्वास जताया कि जनता इस बार एक नई व्यवस्था बनाएगी, जो बच्चों के लिए रोजगार और बेहतर पढ़ाई सुनिश्चित करेगी।
