दिल्लीब्रेकिंग न्यूज़महाराष्ट्रमुंबई उपनगरमुंबई शहर

BMC के पास 58,000 करोड़ रूपए, फिर भी मुंबई में हर साल आती है बाढ़: गडकरी

केंद्रीय मंत्री गडकरी ने गोराई इलाके में एक मैंग्रोव पार्क के लिए भूमि पूजन करने के बाद यह टिप्पणी की…

मुंबई, देश की आर्थिक राजधानी मुंबई पानी के सैलाब में डूबी हुई है। बाढ़ की हालत देखकर केंद्रीय मंत्री नितिन गडकरी ने हर साल बाढ़ की त्रासदी झेलनी वाली मुंबई को लेकर बृहन्नमुंबई महानगरपालिका (बीएमसी) पर जमकर निशाना साधा है। उन्होंने शुक्रवार को कहा कि महानगरपालिका के पास भारी मात्रा में नकदी है फिर भी मुंबई महानगर में बारिश के पानी की समस्या बरकरार है। बता दें कि देश के सबसे धनी बीएमसी पर पिछले कई साल से शिवसेना का कब्जा है।
गडकरी शुक्रवार को गोराई इलाके में एक मैंग्रोव पार्क के लिए भूमि पूजन करने के बाद बोल रहे थे। इस दौरान गडकरी ने कहा, मैंने सुना है कि बीएमसी के पास 58,000 करोड़ रूपए की सावधि जमा (फिक्स्ड डिपोजिट) है और हर साल हम टीवी पर देखते हैं कि मुंबई में (मानसून के दौरान) बाढ़ आ गयी है, सड़कों पर पानी भर गया है। यह हर साल होता है।
केंद्रीय सड़क परिवहन मंत्री गडकरी ने आगे कहा कि जो राशि उनके पास है वे उसका उपयोग समुद्र में जाने वाले अपशिष्ट जल के पुन:चक्रण के लिए कर सकते हैं। गडकरी ने कहा कि उनके पास मुंबई महानगर क्षेत्र से निर्माणाधीन नवी मुंबई अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे तक परिवहन के लिए एक ‘जल टैक्सी’ परियोजना है। उन्होंने कहा कि इटली के वेनिस में लोग होटल से नाव के जरिए सीधे हवाई अड्डा जा सकते हैं।

इस अवसर पर नगरविकास राज्यमंत्री योगेश सागर, सांसद गोपाल शेट्टी, विधायक अतुल भातखलकर, भाई गिरकर, प्रवीण दरेकर, विलास पोतनीस, मनिषा चौधरी, पूर्व उप महापौर मोहन मिठबावकर, इलाके के नगरसेवक, नगरसेविका सहित अन्य लोग मौजूद थे।