Chembur School Bus Accident
नेटवर्क महानगर/मुंबई
मुंबई में मॉनसून की शुरुआत अभी ठीक से हुई नहीं कि आज बारिश के चलते एक गंभीर हादसा हो गया। यहां चेंबूर इलाके में स्कूल बस पर एक विशालकाय पेड़ गिरने से एक छात्र की मौत हो गई है, जबकि कई अन्य छात्र गंभीर रूप से घायल हुए हैं। यह घटना चेंबूर के रोड नंबर 11 पर हुई, उस समय बस में स्कूली बच्चे सवार थे।
प्राप्त जानकारी के मुताबिक, चेंबूर, तिलक नगर के रोड नंबर-11 पर स्थित यूनिवर्सल स्कूल की एक बस पर अचानक पेड़ गिर गया। इससे बस में सवार एक छात्र की मौत हो गई, जबकि 10 अन्य छात्र घायल हो गए। हादसे के समय स्कूल बस में कुल 12 बच्चे सवार थे। अचानक पेड़ गिरने से बस को काफी नुकसान पहुंचा और उसमें सवार बच्चों में अफरा-तफरी मच गई। इस घटना में कुल 5 छात्रों को गंभीर चोट आई थी, इसमें एक 11 वर्षीय छात्र गंभीर रूप से घायल था। गंभीर रूप से घायल छात्र को शाम 4:23 बजे मृत घोषित कर दिया गया। छात्र की पहचान विहान श्रीवास्तव के रूप में हुई है। बस में सवार ज्यादातर छात्र 8 से 14 साल के बीच बताए जा रहे हैं। इस घटना से इलाके में दहशत फैल गई है।
चेंबूर के जेन अस्पताल में भर्ती
घटना की सूचना मिलते ही स्थानीय लोग और बचाव दल मौके पर पहुंचे। बस में फंसे सभी छात्रों को सुरक्षित बाहर निकाला गया और घायलों को तुरंत अस्पताल पहुंचाया गया। हादसे में घायल 4 छात्रों का इलाज चेंबूर स्थित जेन अस्पताल में चल रहा है। डॉक्टरों की निगरानी में उनका उपचार किया जा रहा है। घटना के बाद पुलिस, दमकल विभाग और अन्य राहत एवं बचाव दल मौके पर पहुंच गए तथा स्थिति को नियंत्रित किया। पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है।
जिम्मेदार लोगों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई करेगी बीएमसी
घटना के बाद पुलिस, 108 एम्बुलेंस, बीएमसी समेत तमाम विभागों के अधिकारी मौके पर पहुंच गए और राहत-बचाव कार्य में जुट गए। पेड़ के नीचे दबी बस को भी निकालने का काम शुरू किया गया, जो क्षतिग्रस्त हो चुकी है। मुंबई की महापौर रितू तावडे भी मौके पर पहुंची और घटनास्थल का जायजा लिया। उपमहापौर संजय घाडी ने इसे दिल दहला देने वाली घटना बताते हुए जानकारी दी कि बृहन्मुंबई म्युनिसिपल कॉर्पोरेशन इसके लिए जिम्मेदार लोगों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई करेगा।
