नेटवर्क महानगर/मुंबई
Maharashtra Food and Drug Administration (FDA) ने अभिनेता शाहरुख खान, अजय देवगन और टाइगर श्रॉफ को ‘विमल पान मसाला/इलायची’ के विज्ञापनों का कथित तौर प्रचार करने के लिए ‘कारण बताओ नोटिस’ जारी किया है। नोटिस में तीनों पर आरोप लगाया गया है कि वे ‘विमल पान मसाला और इलायची’के विज्ञापनों के जरिए महाराष्ट्र में प्रतिबंधित प्रोडक्ट ‘पान मसाला’ का अप्रत्यक्ष रूप से प्रचार कर रहे हैं। नोटिस में 15 दिनों के अंदर अपने ऑफिशियल सोशल मीडिया हैंडल और वेबसाइट से इससे जुड़े सभी विज्ञापन, प्रमोशनल कंटेंट और वीडियो हमेशा के लिए हटाने का निर्देश दिया गया है। अगर 15 दिन में कोई जवाब नहीं मिलता है तो इन पर 50 लाख रुपये तक का जुर्माना लगाया जा सकता है। इस नोटिस के बाद फिल्म इंडस्ट्री में खलबली मच गई है।
FDA की ओर से जारी इन नोटिस में तीनों मशहूर अभिनेताओं को चेतावनी दी गई है कि यदि वे निर्देशों का पालन नहीं करते हैं, तो उनके खिलाफ ‘फूड सेफ्टी एंड स्टैंडर्ड्स एक्ट, 2006’ के तहत कार्रवाई की जाएगी। FDA ने ‘फूड सेफ्टी एंड स्टैंडर्ड्स एक्ट, 2006’ की धारा 24 के तहत खाने-पीने की चीजों के विज्ञापनों पर लगी पाबंदियों और गुमराह करने वाले विज्ञापनों के खिलाफ प्रावधानों का हवाला दिया है।
FDA ने विमल इलायची के लगातार किये जा रहे विज्ञापन की ओर इशारा करते हुए कहा है विमल इलायची से जुड़ा एक विज्ञापन उपलब्ध है और इसे नीचे दिए गए लिंक और संबंधित मीडिया प्लेटफॉर्म पर फैलाया जा रहा है। ये नोटिस ऐसे समय में आए हैं जब पान मसाला और उससे जुड़े उत्पादों की लगातार रेगुलेटरी जांच हो रही है, खासकर तब जब ऐसे विज्ञापनों को तंबाकू या अन्य प्रतिबंधित पदार्थों से जुड़े उत्पादों को बढ़ावा देने वाले के तौर पर देखा जा रहा है।
